संचार नाउ। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए सेक्टर-29 स्थित तिरथली गांव के किसानों को 7 प्रतिशत आबादी भूखंड आवंटन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्राधिकरण ने कुल 589 किसानों के लिए आरक्षण पत्र जारी किए हैं, जिससे लंबे समय से प्रतीक्षित मांग को बड़ी राहत मिली है।
दरअसल, मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने प्राधिकरण कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किसान वीरेंद्र कुमार को अपने हाथों से आरक्षण पत्र प्रदान किया। इसके साथ ही शेष 588 किसानों के आरक्षण पत्र भूलेख विभाग द्वारा डाक के माध्यम से उनके पते पर भेज दिए गए हैं।
प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार, सेक्टर-29 में विकसित किए जा रहे अपैरल पार्क परियोजना के अंतर्गत प्रभावित किसानों को नियमानुसार 7 प्रतिशत आबादी भूखंड दिए जा रहे हैं। आरक्षण पत्र जारी होने के बाद किसानों को उनके भूखंडों के आवंटन की औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने का भरोसा मिल गया है।
यमुना प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि संबंधित भूखंडों का विकास कार्य तेजी से कराया जाएगा और आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के बाद किसानों को शीघ्र ही भौतिक कब्जा भी सौंप दिया जाएगा।
किसानों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे प्राधिकरण की सकारात्मक और किसान हितैषी नीति बताया। उनका कहना है कि आरक्षण पत्र मिलने से वर्षों से लंबित मांग पूरी होने की उम्मीद मजबूत हुई है।
