संचार नाउ। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) की 92वीं बोर्ड बैठक प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में औद्योगिक निवेश, बुनियादी ढांचे और आर्थिक विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
बोर्ड बैठक में बताया गया कि 31 जुलाई 2026 तक प्राधिकरण की कुल आय 1853.74 करोड़ रुपये पहुंच गई है, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 90.25 प्रतिशत अधिक है। यह बढ़ोतरी क्षेत्र में तेजी से बढ़ रहे निवेश और औद्योगिक विकास का संकेत मानी जा रही है।
बैठक में सेक्टर-06 में 300 एकड़ में ‘ताइवान सिटी’ विकसित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। यह परियोजना इलेक्ट्रॉनिक्स और हाई-टेक विनिर्माण उद्योगों को आकर्षित करेगी। इसके अलावा 100 से 125 एकड़ में फार्मा मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर स्थापित किया जाएगा, जिससे दवा उद्योग को नई गति मिलेगी और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे। मेडिकल डिवाइस पार्क में अंतरराष्ट्रीय स्तर की मेडिकल डिवाइस टेस्टिंग फैसिलिटी स्थापित करने का भी निर्णय लिया गया, जिससे भारतीय कंपनियों को परीक्षण और प्रमाणन के लिए विदेशों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
इसके साथ ही यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर हिंडन नदी पर नए पुल के निर्माण को भी मंजूरी दी गई, जिससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था और कनेक्टिविटी बेहतर होगी। बोर्ड बैठक में लिए गए इन फैसलों को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट क्षेत्र को वैश्विक निवेश और औद्योगिक विकास का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
