संचार नाउ। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) की 92वीं बोर्ड बैठक प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह सहित बोर्ड के अन्य सदस्य एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में किसानों के हितों से जुड़ा एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए प्राधिकरण ने आपसी सहमति से खरीदी जाने वाली भूमि की दरों में वृद्धि को मंजूरी प्रदान की।
बोर्ड बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रथम विकास क्षेत्र में किसानों से अब तक 4300 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से भूमि खरीदी जा रही थी, जिसे बढ़ाकर 4558 रुपये प्रति वर्गमीटर कर दिया गया है। इसके अलावा द्वितीय विकल्प के रूप में विकास क्षेत्र में भूमि खरीद के लिए 4037 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर निर्धारित की गई है। साथ ही किसानों को 7 प्रतिशत आबादी भूखंड का लाभ भी दिया जाएगा। प्राधिकरण का मानना है कि नई दरें लागू होने से किसानों को उनकी भूमि का बेहतर मूल्य मिलेगा और सहमति आधारित भूमि खरीद की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक तेज और पारदर्शी होगी।
यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, मेडिकल डिवाइस पार्क, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य औद्योगिक परियोजनाओं के लिए लगातार भूमि की आवश्यकता बढ़ रही है। ऐसे में भूमि अधिग्रहण को लेकर किसानों और प्राधिकरण के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है। अधिकारियों का मानना है कि नई दरों से किसानों का विश्वास मजबूत होगा और विकास परियोजनाओं को भी गति मिलेगी। बोर्ड बैठक के इस फैसले को क्षेत्र के किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
