प्रदूषण पर सख्त हुए ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ, लापरवाही पर लगेगा जुर्माना, एंटी स्मॉग गन और वाटर स्प्रिंकलर की संख्या भी बढ़ेगी

Sanchar Now
3 Min Read

संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा में बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। प्राधिकरण के नवनियुक्त सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने प्रदूषण की रोकथाम के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यापक कार्ययोजना पर अमल करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदूषण नियंत्रण के नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ जुर्माना लगाने के साथ सख्त कार्रवाई की जाए। अभियान केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका असर जमीन पर भी दिखाई देना चाहिए।

दरअसल, ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ डॉ बलकार सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों से दिन और रात दो शिफ्ट में सड़कों की सफाई कराई जाए। सड़कों के किनारे मौजूद कच्चे हिस्सों पर घास लगाई जाए, ताकि वाहनों की आवाजाही से धूल न उड़े। प्रदूषण के लिहाज से चिह्नित हॉटस्पॉट पर विशेष निगरानी रखते हुए सभी जरूरी उपाय किए जाएं। अधिकारियों को खुद नियमित निरीक्षण करने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। बैठक में एसीईओ प्रेरणा सिंह, सुमित यादव और नुपुर गोयल के अलावा महाप्रबंधक एके सिंह, उपमहाप्रबंधक विजय रावल सहित सभी वरिष्ठ प्रबंधक और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

एंटी स्मॉग गन और वाटर स्प्रिंकलर बढ़ेंगे

प्रदूषण नियंत्रण के लिए जरूरत के अनुसार एंटी स्मॉग गन और वाटर स्प्रिंकलर की संख्या बढ़ाई जाएगी। शहर के निर्धारित कूड़ा संकलन केंद्रों से नियमित कूड़ा उठाने और निर्माण स्थलों पर निर्माण सामग्री को ढककर रखने के निर्देश दिए गए हैं। सीईओ ने कहा कि खुले में कूड़ा या हॉर्टिकल्चर वेस्ट जलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। बागवानी से निकलने वाले कचरे को जलाने के बजाय उससे वर्मी कंपोस्ट तैयार किया जाए।

पढ़ें  कलाधाम हादसे के बाद एक्शन मोड में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, 100 से अधिक दुर्घटना संभावित स्थानों को किया सुरक्षित

आरडब्ल्यूए से लेकर स्कूल-कॉलेजों तक चलेगा जागरूकता अभियान

प्रदूषण नियंत्रण के नियमों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए आरडब्ल्यूए, अपार्टमेंट ऑनर एसोसिएशन के कार्यालयों और सामुदायिक केंद्रों के नोटिस बोर्ड पर जागरूकता संबंधी पंफलेट लगाए जाएंगे। बल्क वेस्ट जनरेटरों, स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में एनजीओ के माध्यम से विशेष अभियान चलाया जाएगा।

इलेक्ट्रिक हीटर के इस्तेमाल पर जोर

सर्दियों में लकड़ी जलाकर अलाव तापने के बजाय इलेक्ट्रिक हीटर का इस्तेमाल करने की अपील की जाएगी। साथ ही ग्रेटर नोएडा में ई-चार्जिंग स्टेशनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं। डॉ. बलकार सिंह ने स्पष्ट किया कि सीएक्यूएम के निर्देशों का पालन केवल सर्दियों में नहीं, बल्कि पूरे वर्ष करना जरूरी है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment