संचार नाउ। केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) गौतम बुद्ध नगर आयुक्तालय द्वारा गुरुवार को नॉलेज पार्क-III स्थित वेगमन्स बिजनेस पार्क के सामने वृक्षारोपण एवं विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और हरित भारत के निर्माण के लिए लोगों को प्रेरित करना था।
दरअसल, कार्यक्रम का नेतृत्व आयुक्त डॉ. यशोवर्धन पाठक (आईआरएस) ने किया। इस दौरान अपर आयुक्त अर्जुन लाल जाट, दर्पण आम्रवंशी, उप आयुक्त रुकमणी, सहायक आयुक्त राहुल कुमार अग्रवाल, अन्य सहायक आयुक्त, अधीक्षक विश्वेन्द्र सिंह, राजेश मीणा, निरीक्षक समीर सिंह चौहान सहित आयुक्तालय के अनेक अधिकारी और कर्मचारी अभियान में शामिल हुए।
अभियान के तहत अधिकारियों और कर्मचारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए तथा आसपास के क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर सफाई की। सभी अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर आयुक्त डॉ. यशोवर्धन पाठक ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण और स्वच्छता जैसे छोटे-छोटे प्रयास भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। सीजीएसटी गौतम बुद्ध नगर आयुक्तालय ने भविष्य में भी इस प्रकार के जनहित और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियानों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
