नोएडा में अवैध दवा कारोबार पर बड़ा प्रहार, तीन दिन में तीन करोड़ से ज्यादा की दवाइयां जब्त, नेटवर्क की जांच तेज

Sanchar Now
2 Min Read

संचार नाउ। गौतम बुद्ध नगर में अवैध दवा भंडारण और संदिग्ध दवा कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार तेज हो गई है। शुक्रवार को ड्रग विभाग गौतम बुद्ध नगर ने एएनएफ दिल्ली के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए सेक्टर-123 स्थित एक अवैध गोदाम पर छापा मारकर करीब 79 लाख रुपये मूल्य की ट्रामाडोल और अल्प्राजोलम जैसी नशीली दवाएं बरामद कीं। इस मामले में शिव नारायण झा और अमन शर्मा को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के अनुसार आरोपियों के पास दवाओं के भंडारण का कोई वैध लाइसेंस नहीं था और गोदाम करीब एक महीने से संचालित किया जा रहा था। जांच के लिए तीन दवाओं के नमूने भी लिए गए हैं।

दरअसल, ड्रग इंस्पेक्टर जयसिंह ने बताया कि ट्रामाडोल और अल्प्राजोलम जैसी दवाएं केवल चिकित्सकीय पर्चे पर दी जाती हैं, लेकिन इनका दुरुपयोग नशे के रूप में भी किया जाता है। ऐसे में अवैध भंडारण और सप्लाई को गंभीरता से लेते हुए पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

इससे दो पहले सेक्टर-76 स्थित एक फ्लैट पर ड्रग इंस्पेक्टर और दिल्ली क्राइम ब्रांच की संयुक्त छापेमारी में 2.48 करोड़ रुपये मूल्य की हाई-वैल्यू दवाइयां, इंजेक्शन, वैक्सीन, टैबलेट और कैप्सूल बरामद किए गए थे। जांच के दौरान कई दवाओं पर “Government Supply – Not for Sale” अंकित मिला, जबकि कोल्ड चेन में रखी जाने वाली महंगी दवाओं को सामान्य कमरे के तापमान पर रखा गया था। इस मामले में आनंद कुमार को गिरफ्तार कर आठ दवाओं के नमूने जांच के लिए भेजे गए थे।

लगातार दो बड़ी कार्रवाइयों में तीन करोड़ रुपये से अधिक की दवाइयां बरामद होने से जिले में अवैध दवा कारोबार को लेकर हड़कंप मच गया है। ड्रग विभाग और जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन दवाओं की सप्लाई कहां से हो रही थी और इन्हें किन राज्यों या नेटवर्क के माध्यम से बाजार तक पहुंचाया जा रहा था।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment