कलाधाम हादसे के बाद एक्शन मोड में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, 100 से अधिक दुर्घटना संभावित स्थानों को किया सुरक्षित

Sanchar Now
2 Min Read

संचार नाउ। नॉलेज पार्क-2 स्थित कलाधाम सोसाइटी में छह वर्षीय मासूम की गड्ढे में डूबने से हुई दर्दनाक मौत के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एनजी रवि कुमार ने सभी परियोजना, जल एवं सीवर विभाग की टीमों को सड़क और उसके आसपास मौजूद दुर्घटना संभावित स्थानों की तत्काल पहचान कर उन्हें सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में किसी भी स्थान पर लापरवाही के कारण हादसा हुआ तो संबंधित वर्क सर्किल की टीम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सीईओ के निर्देश के बाद सभी वर्क सर्किल के वरिष्ठ प्रबंधक और उनकी टीमें फील्ड में उतरकर संभावित खतरे वाले स्थानों का निरीक्षण कर रही हैं। अभियान के तहत अब तक 100 से अधिक दुर्घटना संभावित स्थानों को चिन्हित कर वहां सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा चुके हैं। खुले मेनहोल को ढका जा रहा है, सड़क किनारे खुले ड्रेन पर कवर लगाए जा रहे हैं, गहरे गड्ढों की मरम्मत की जा रही है तथा जहां तत्काल मरम्मत संभव नहीं है वहां मजबूत बैरिकेडिंग कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) सुमित यादव ने बताया कि सभी विभागों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण कर हर दुर्घटना संभावित स्थान को चिन्हित करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जब तक पूरे शहर में सभी संभावित जोखिम वाले स्थान पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो जाते, तब तक यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।

पढ़ें  भनौता में चला ग्रेनो प्राधिकरण का बुल्डोजर, 10,000 वर्ग मीटर जमीन से हटाया अतिक्रमण

प्राधिकरण का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोकना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। प्रशासन ने अधिकारियों को जवाबदेही तय करते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सुरक्षा मानकों से कोई समझौता नहीं होगा।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment