विश्व पर्यावरण दिवस पर यमुना प्राधिकरण का महाअभियान, एक दिन में लगाए गए 25 हजार पौधे

Sanchar Now
2 Min Read

संचार नाउ। विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के संकल्प के अनुरूप यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के उद्यान विभाग द्वारा व्यापक पौधरोपण अभियान चलाया गया। इस अभियान का शुभारंभ जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने शांति देवी महाविद्यालय से किया। कार्यक्रम के दौरान विधायक धीरेंद्र सिंह ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए अमूल्य हैं और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण देने के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण करना आवश्यक है।

इस अवसर पर यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह, विशेष कार्याधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह, वरिष्ठ स्टाफ अधिकारी नंद किशोर, महाप्रबंधक (परियोजना) राजेंद्र सिंह भाटी सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस दौरान मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में वनाच्छादित क्षेत्र को 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 10 प्रतिशत तक करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिस दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्राधिकरण द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 25 हजार पौधे लगाए गए। पौधरोपण अभियान के तहत नीम, पीपल, बरगद, अर्जुन सहित अनेक देशी एवं पर्यावरण के लिए लाभदायक प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया।

प्राधिकरण अधिकारियों ने नागरिकों से भी पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने और अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने की अपील की। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र को अधिक हरित, स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाना है। विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस विशेष अभियान को क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment