NCR में अपने घर का सपना होगा पूरा, YEIDA नए साल में लाएगा 3800 आवासीय प्लॉट

Sanchar Now
2 Min Read

संचार नाउ। दिल्ली से सटे एनसीआर क्षेत्र में अपने घर का सपना देख रहे लोगों के लिए यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) बड़ी राहत लेकर आ रहा है। नए साल में YEIDA एक नई आवासीय योजना लॉन्च करने की तैयारी में है, जिसके तहत करीब 3800 रेजिडेंशियल प्लॉट उपलब्ध कराए जाएंगे। खास बात यह है कि इस बार प्लॉट का आकार बढ़ाकर 40 वर्गमीटर किया गया है, जिससे लोगों को सुरक्षित और बेहतर मकान निर्माण का अवसर मिलेगा।

प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार पहले 30 वर्गमीटर के प्लॉट देने की योजना को मंजूरी मिली थी, लेकिन तकनीकी समीक्षा में यह सामने आया कि इतना छोटा प्लॉट एनसीआर के भवन उपविधियों के अनुरूप नहीं है। कम जगह में सुरक्षित निर्माण, सीढ़ियों, कमरों और खुली जगह की उचित व्यवस्था करना मुश्किल हो जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए YEIDA ने प्लॉट साइज बढ़ाने का फैसला लिया है।

नई योजना के तहत सेक्टर-17, सेक्टर-18 और सेक्टर-20 में प्लॉट विकसित किए जाएंगे। सेक्टर-17 में लगभग 455, सेक्टर-18 में दो पॉकेट में 2236 और 644, जबकि सेक्टर-20 में करीब 463 आवासीय प्लॉट प्रस्तावित हैं। 40 वर्गमीटर के प्लॉट पर बेहतर लेआउट, पर्याप्त रोशनी और वेंटिलेशन के साथ मजबूत निर्माण संभव होगा।

इसके साथ ही पात्रता नियमों में भी बड़ा बदलाव किया जा रहा है। वार्षिक आय सीमा को 3 लाख रुपये से बढ़ाकर 8 लाख रुपये करने का प्रस्ताव है, जिससे बड़ी संख्या में श्रमिक और निम्न आय वर्ग के लोग योजना का लाभ उठा सकेंगे। प्राधिकरण का मानना है कि बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद यह योजना हजारों परिवारों के लिए घर का सपना साकार करेगी।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment