ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बुधवार, 9 सितंबर 2026 को फलेदा गौशाला के नवीनीकरण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौशाला की व्यवस्थाओं और गोवंश के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दरअसल, यीडा कि फलेदा बांगड़ स्थित गौशाला में वर्तमान में करीब 5000 गोवंश हैं। गौशाला में करीब 600 पौधे लगाए गए हैं, जबकि गोवंश को रहने के लिए 2 शेड भी बनाए गए हैं। इसके अलावा गोवंश की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है, जिससे गौशाला की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
गौशाला परिसर में गोबर, खाद और गोमूत्र के बेहतर उपयोग की दिशा में भी व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं। गोबर और गोमूत्र से अगरबत्ती तथा धूपबत्ती बनाने के उपकरण लगाए गए हैं। इसके साथ ही गौशाला के बीच में तालाब का निर्माण कराया गया है, जिससे वर्षा जल का संचयन किया जा सके।
यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने बताया कि फलेदा बांगड़ गौशाला करीब 7.9780 हेक्टेयर क्षेत्रफल में स्थित है। यहां 488 गाय और 146 नंदी हैं। गोवंश के लिए 13 शेड, चार भूसा घर, दो तालाब, एक गोबर क्रिमिनेशन सेंटर, एक गोबर प्रसंस्करण केंद्र और पांच गोवंश उद्यान की व्यवस्था है। परिसर में 67 पंखे, छह सीसीटीवी कैमरे, चार हाईमास्ट लाइट और 40 स्ट्रीट लाइट भी स्थापित हैं। गौशाला में पशु चिकित्सा सुविधा के लिए एक चिकित्सक और एक सहायक की व्यवस्था भी है। निरीक्षण के दौरान प्राधिकरण के अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
