संचार नाउ। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने के तहत तीन बड़ी कंपनियों को औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के लिए भूमि आवंटित की गई है। इस पहल से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन होगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, Escorts Kubota Limited को सेक्टर-10 में 154 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। कंपनी यहां ट्रैक्टर और कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट के निर्माण के लिए मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करेगी। इस परियोजना में करीब 2029 करोड़ रुपये का निवेश होगा और लगभग 4000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
वहीं, CNH Industrial India Pvt. Ltd. को सेक्टर-8डी में 100 एकड़ भूमि दी गई है। कंपनी ट्रैक्टर निर्माण यूनिट स्थापित करेगी, जिसमें 1219.81 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इस प्रोजेक्ट से करीब 1200 लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
इसके अलावा, Sun Organic Industries Pvt. Ltd. को सेक्टर-8डी में 30,000 वर्गमीटर भूमि आवंटित की गई है। यहां ड्राई फ्रूट प्रोसेसिंग और पैकेजिंग यूनिट स्थापित की जाएगी। इस परियोजना में लगभग 225.16 करोड़ रुपये का निवेश होगा और 569 लोगों को रोजगार मिलेगा।
इन तीनों परियोजनाओं के माध्यम से यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र न केवल औद्योगिक हब के रूप में मजबूत होगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी।
