संचार नाउ। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गौतमबुद्ध नगर से राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-16बी स्थित ग्रीन बेल्ट में पौधरोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण देना हम सभी की जिम्मेदारी है, इसलिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की आवश्यकता है।
पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान सांसद ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत की। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी अभिषेक पाठक और ओएसडी गिरीश कुमार झा की मौजूदगी में सेक्टर-16बी की ग्रीन बेल्ट को ‘पीएम वन’ नाम दिया गया। सांसद ने घोषणा की कि इस ग्रीन बेल्ट में उनकी ओर से हर माह 30 पौधे लगाए जाएंगे।
सांसद ने पौधों की नियमित देखभाल पर जोर देते हुए एक स्थान पर एक ही प्रजाति के पौधे लगाने की सलाह दी। वहीं, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-10 स्थित कोको काउंटी के पास और मिलक लच्छी की ग्रीन बेल्ट में भी पौधरोपण अभियान चलाया। इस दौरान पिलखन, अमलतास, गुलमोहर, नीम और जामुन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
ग्रेटर नोएडा की विभिन्न आरडब्ल्यूए और सामाजिक संगठनों ने भी अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्राधिकरण ने इस वर्ष करीब 1.34 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। वहीं, सीईओ एनजी रवि कुमार ने उद्यान विभाग को निर्धारित लक्ष्य से अधिक पौधरोपण करने के निर्देश दिए हैं।
एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने जनसहभागिता के माध्यम से ग्रेटर नोएडा को और अधिक हरा-भरा बनाने की अपील करते हुए लोगों से घरों, पार्कों, ग्रीन बेल्ट और सड़कों के किनारे पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। पौधरोपण कार्यक्रम में डीजीएम उद्यान एसके जैन, सहायक निदेशक उद्यान नथोली सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक रामकुमार, श्यामा प्रसाद और अवर अभियंता हरिंदर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
