संचार नाउ। आजाद समाज पार्टी (का०) के शीर्ष नेतृत्व ने संगठन को मजबूती देने की दिशा में बड़ा निर्णय लेते हुए गांव मकोड़ा के पूर्व प्रधान राजकुमार भाटी (राजू) को गौतमबुद्धनगर का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। इस नियुक्ति की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव मकोड़ा सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचकर बधाई देने लगे और इसे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया।
राजकुमार भाटी क्षेत्र के एक सम्मानित और लोकप्रिय चेहरा माने जाते हैं। उनके सामाजिक कार्यों और जनता से गहरे जुड़ाव के चलते लोगों में उनके प्रति विशेष स्नेह है। यही कारण है कि उनकी इस नियुक्ति को क्षेत्रवासी अपनी उपलब्धि मानकर जश्न मना रहे हैं।
इस मौके पर राजकुमार भाटी ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्द्रशेखर आजाद, राष्ट्रीय महासचिव रविन्द्र भाटी, अमित कसाना सहित शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे।
