प्रयागराज की 4 वर्षीय नन्हीं ‘जलपरी’ का कमाल, गहरी यमुना नदी को मात्र 21 मिनट 28 सेकेंड में तैरकर किया पार

Sanchar Now
2 Min Read

उत्तर प्रदेश के जनपद प्रयागराज  में महेवा पश्चिम क्षेत्र में रहने वाली महज 4 साल की बच्ची सत्या भारती ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जो आमतौर पर बड़े-बड़े तैराकों के लिए भी चुनौतीपूर्ण माना जाता है. सत्या ने यमुना नदी को तैरकर महज 21 मिनट 28 सेकंड में पार कर लिया. इस ऐतिहासिक तैराकी की शुरुआत शनिवार की सुबह ठीक 7 बजे हुई. नन्ही सत्या ने पूरे आत्मविश्वास और साहस के साथ यमुना की तेज धाराओं को मात देते हुए नदी के एक छोर से दूसरे छोर तक तैरकर सभी को चौंका दिया.

सत्या की इस उपलब्धि का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग उसकी हिम्मत और जज्बे की जमकर सराहना कर रहे हैं. बच्ची के कोच के साथ उसके माता-पिता खासा उत्साहित हैं.

त्रिभुवन निषाद सिखा रहे तैराकी

सत्या, देवेंद्र कुमार की बेटी है और वह पिछले कुछ समय से अपने कोच त्रिभुवन निषाद से नियमित रूप से तैराकी का प्रशिक्षण ले रही है. कोच के अनुसार, सत्या में बचपन से ही सीखने की ललक, अनुशासन और आत्मविश्वास दिखाई देता है.

जिस उम्र में बच्चे सामान्य खेलों से परिचित होते हैं, उस उम्र में सत्या ने यमुना जैसी विशाल नदी को पार कर यह साबित कर दिया है कि अगर हौसले मजबूत हों और सही मार्गदर्शन मिले, तो उम्र कभी भी सफलता में बाधा नहीं बनती. सत्या भारती आज न केवल प्रयागराज बल्कि पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा बन चुकी है.

प्रदेश और देश के लिए उम्मीद

कोच के मुताबिक अगर सत्या को और बेहतर कोचिंग मिले तो वो प्रदेश और देश के लिए मेडल लाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी. उधर सत्या का यमुना पार करने का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल है. लोग उसकी खूब तारीफ़ और हिम्मत बढ़ा रहे हैं. लोग उसके हौसले को सही मंजिल तक ले जाने की अपील कर रहे हैं.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment