संचार नाउ। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) की 92वीं बोर्ड बैठक प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बोर्ड बैठक में क्षेत्र को शिक्षा, स्वास्थ्य और आधुनिक परिवहन सुविधाओं का बड़ा केंद्र बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दी गई।
बैठक में सेक्टर-13 में 500 एकड़ में अत्याधुनिक मेडिकल हब विकसित करने का निर्णय लिया गया। इस परियोजना के पूरा होने से सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, मेडिकल रिसर्च संस्थान और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े बड़े निवेश को बढ़ावा मिलेगा। वहीं सेक्टर-14 में 480 एकड़ में यूनिवर्सिटी टाउनशिप विकसित की जाएगी, जहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के शिक्षण संस्थानों को स्थापित करने की योजना है। इससे क्षेत्र देश के प्रमुख शिक्षा केंद्रों में शामिल हो सकेगा।
इसके साथ ही सेक्टर-23बी में अंतरराष्ट्रीय बस टर्मिनल विकसित करने का भी निर्णय लिया गया। यह बस अड्डा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से स्थानीय और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा। यात्रियों को एयरपोर्ट तक बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी और आसपास के जिलों से सीधा संपर्क स्थापित होगा। बोर्ड बैठक में सेक्टर-34 में औद्योगिक मंडी विकसित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई, जिससे औद्योगिक गतिविधियों और व्यापार को नई गति मिलेगी। प्राधिकरण का मानना है कि इन परियोजनाओं से निवेश, रोजगार और क्षेत्रीय विकास को व्यापक बढ़ावा मिलेगा।
