संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा स्थित शारदा यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ डेंटल साइंसेज में चैत्र नवरात्रि के पहले दिन श्रद्धा और उत्साह के साथ हवन का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न स्कूलों के फैकल्टी मेंबर्स, स्टाफ और 500 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लेकर धार्मिक कार्यक्रम को भव्य रूप दिया।
हवन के दौरान मां दुर्गा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई और सभी उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से सुख-समृद्धि, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और सफलता की कामना की। पूरे परिसर में भक्ति और आस्था का माहौल देखने को मिला, जिससे वातावरण सकारात्मक ऊर्जा से भर गया। इस आयोजन ने न केवल आध्यात्मिक माहौल को मजबूत किया, बल्कि विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच आपसी जुड़ाव और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सम्मान को भी बढ़ावा दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी को प्रसाद वितरित किया गया और नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर शारदा यूनिवर्सिटी के प्रो-चांसलर वाईके गुप्ता ने कहा कि नवरात्रि नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच का संदेश देता है। ऐसे आयोजन संस्थान में एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का माध्यम बनते हैं।
उन्होंने सभी के लिए मां दुर्गा से सुख, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। कार्यक्रम में डॉ आर सी सिंह, डॉ राजीव गुप्ता, डायरेक्टर पीआर डॉ अजीत कुमार, डॉ सुदीप और स्कूल ऑफ डेंटल साइंस के डीन डॉ हेमंत साहनी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
