संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा स्थित सरकारी जुवेनाइल ऑब्जर्वेशन होम में शारदा यूनिवर्सिटी के शारदा स्कूल ऑफ लॉ के प्रो बोनो क्लब (लीगल एड सोसाइटी) की जुवेनाइल विंग और शारदा स्कूल ऑफ डेंटल साइंसेज़ के संयुक्त तत्वावधान में ओरल हेल्थ अवेयरनेस एवं डेंटल स्क्रीनिंग ड्राइव का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को दांतों की देखभाल के प्रति जागरूक करना और उन्हें बुनियादी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम के दौरान डॉक्टरों की टीम ने 100 से अधिक बच्चों के दांतों की जांच की और उन्हें बेहद सरल तरीके से समझाया कि दांतों को कैसे स्वस्थ रखा जा सकता है। बच्चों को सही तरीके से ब्रश करने, मीठा कम खाने और रोजाना सफाई रखने की आदतों के बारे में बताया गया। साथ ही उन्हें यह भी समझाया गया कि छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर दांतों की बड़ी समस्याओं से बचा जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को मुफ्त डेंटल हाइजीन किट वितरित की गई।
शारदा स्कूल ऑफ लॉ के डीन प्रो. (डॉ.) ऋषिकेश दवे ने कहा कि ऐसे बच्चों तक स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता पहुंचाना बेहद जरूरी है, क्योंकि वे अक्सर बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहते हैं। वहीं, डॉ. स्वाती शर्मा ने कहा कि सही जानकारी और समय पर जांच से दंत समस्याओं को रोका जा सकता है।
इस दौरान डॉ. मेघा, डॉ. वैशाली अरोरा, डॉ. मानवेंद्र सिंह सहित अन्य डॉक्टर भी मौजूद रहे। यह पहल बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।
