मैट्रिमोनियल साइट पर महिलाओं को फंसाकर करोड़ों ठगने वाला नाइजीरियाई ठग गिरफ्तार, नोएडा पुलिस ने किया पर्दाफाश

Sanchar Now
2 Min Read

नोएडा। साइबर क्राइम पुलिस ने मैट्रिमोनियल साइट और सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं को प्रेमजाल में फंसाकर उनसे करोड़ों रुपये ठगने के मामले में नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया। आरोपी को हरियाणा के फरीदाबाद से पकड़ा गया। आरोपी लोन दिलाने के नाम पर भी लोगों से ठगी करता था। डीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान 38 वर्षीय सैमुअल ओगुन उर्फ स्टेपनी डेरिक के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से पांच मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक टैबलेट, वाई-फाई राउटर, डोंगल, सिम कार्ड, विदेशी मुद्रा (नायरा 1800), अलग-अलग नाम के पासपोर्ट और कई फर्जी दस्तावेज बरामद किए।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मैट्रिमोनियल साइट्स पर शादी की तलाश कर रही महिलाओं को निशाना बनाता था। वह अपनी असली पहचान छिपाकर खुद को बड़ा बिजनेसमैन बताता और अलग-अलग देशों का निवासी होने का झूठा दावा करता। वह आकर्षक प्रोफाइल फोटो लगाकर महिलाओं से दोस्ती करता और धीरे-धीरे उन्हें अपने प्रेमजाल में फंसा लेता। इसके बाद वह शादी का झांसा देता और कहता कि वह विदेश से अपना कारोबार समेटकर भारत आ रहा है। वह पीड़ित महिला को फर्जी फ्लाइट टिकट भी भेजता था। फिर कुछ समय बाद वह बताता कि उसका सामान या पार्सल एयरपोर्ट पर कस्टम में फंस गया है और उसे छुड़ाने के लिए रुपये की जरूरत है। महिलाएं उसके झांसे में आकर अलग-अलग खातों में रुपये ट्रांसफर कर देतीं। इसी तरह वह करोड़ों रुपये ठग चुका था। इसके अलावा आरोपी लोन दिलाने के नाम पर भी लोगों से ठगी करता था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment