संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अवैध कब्जों और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ अभियान चलाते हुए ग्राम खोदना खुर्द में बड़ी कार्रवाई की है। प्राधिकरण की टीम ने करीब 6000 वर्गमीटर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 12 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर भूलेख एवं परियोजना विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार ग्राम खोदना खुर्द के खसरा संख्या-502 की भूमि पर कुछ कॉलोनाइजर अवैध रूप से प्लॉटिंग करने का प्रयास कर रहे थे। यह जमीन ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अर्जित एवं कब्जा प्राप्त भूमि है।
प्राधिकरण के वर्क सर्किल-2 के वरिष्ठ प्रबंधक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में प्रबंधक रोहित गुप्ता, सुपरवाइजरों एवं सुरक्षा कर्मियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण को ध्वस्त किया। लगभग दो घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान अवैध निर्माण और प्लॉटिंग संबंधी ढांचों को हटाया गया।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) सुमित यादव ने चेतावनी दी कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति अथवा स्वीकृत नक्शे के किसी भी प्रकार का निर्माण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी भूमि या प्लॉट की खरीदारी से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से उसकी पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें, ताकि अवैध कॉलोनियों में निवेश कर आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।
प्राधिकरण के महाप्रबंधक ए.के. सिंह ने बताया कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण या अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अवैध कॉलोनियों और भू-माफियाओं के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
