संचार नाउ। जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर द्वारा मंगलवार को जिला कांग्रेस कार्यालय, ग्रेटर नोएडा वेस्ट (बिसरख) में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के राजस्थान के कोटा में आयोजित “छात्र संवाद” कार्यक्रम में उठाए गए मुद्दों को लेकर पत्रकार वार्ता एवं प्रस्तुति का आयोजन किया गया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि देश के करोड़ों छात्र-छात्राएं प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रही अनियमितताओं, पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में देरी से परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट समेत कई महत्वपूर्ण परीक्षाओं में सामने आए पेपर लीक और धांधली के मामलों ने युवाओं का भरोसा कमजोर किया है तथा लाखों छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है।
दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि राहुल गांधी ने कोटा में हजारों छात्रों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का संकल्प लिया है। उनका मानना है कि शिक्षा और रोजगार के मुद्दों को राजनीति से ऊपर उठाकर देखा जाना चाहिए तथा युवाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
पत्रकार वार्ता के दौरान प्रस्तुति के माध्यम से पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में देरी, परीक्षा एजेंसियों की जवाबदेही और युवाओं में बढ़ती निराशा जैसे मुद्दों को विस्तार से रखा गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वर्षों की मेहनत के बावजूद जब छात्रों को निष्पक्ष अवसर नहीं मिलता तो उनमें हताशा बढ़ती है, जिसका असर पूरे समाज पर पड़ता है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता दुष्यंत नागर ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित करने की मांग करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग उठाई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई आगे भी मजबूती से लड़ती रहेगी।
इस अवसर पर दुष्यंत नागर, मुकेश शर्मा, गौतम अवाना, महाराज सिंह नागर, नीरज लोहिया, धर्मवीर प्रधान, सुरेंद्र प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
