यमुना प्राधिकरण की बड़ी पहल: 8 कंपनियों को मिली जमीन, ₹3,181 करोड़ के निवेश से 18 हजार से अधिक युवाओं को मिलेगा रोजगार

Sanchar Now
2 Min Read

संचार नाउ। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने औद्योगिक विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आठ प्रमुख निवेशकों को औद्योगिक भूमि आवंटन के लिए लेटर ऑफ इंटेंट (LoI) सौंप दिए हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से ₹3,181.20 करोड़ का निवेश होगा और करीब 18,126 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने का अनुमान है। कार्यक्रम का आयोजन यमुना प्राधिकरण के सभा कक्ष में किया गया, जहां मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने निवेशकों को LoI प्रदान किए। इस दौरान अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं निवेश प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी शैलेन्द्र कुमार भाटिया सहित प्राधिकरण के अधिकारी और उद्योग प्रतिनिधि मौजूद रहे।

दरअसल, स्वीकृत परियोजनाओं में Samvardhana Motherson International Limited को सेक्टर-8D में 50 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। कंपनी ऑटोमोटिव कंपोनेंट्स निर्माण में ₹1,156 करोड़ का निवेश करेगी, जिससे करीब 8,000 रोजगार सृजित होंगे। इसके अलावा Balar Marketing Pvt. Ltd. स्मार्ट इलेक्ट्रिकल मैन्युफैक्चरिंग, Anondita Healthcare मेडिकल ग्लव्स निर्माण, Triveni Almirah Pvt. Ltd. स्टील फर्नीचर निर्माण, Crispy City Foods Pvt. Ltd. और Innovex Products LLP फूड प्रोसेसिंग, A G Organica Pvt. Ltd. कॉस्मेटिक्स एवं पर्सनल केयर उत्पाद तथा Apaar Infratech Private Limited प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (PCB) एवं इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स निर्माण की इकाइयां स्थापित करेंगी।

मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि यमुना प्राधिकरण निवेशकों को पारदर्शी, त्वरित और उद्योग-अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। इन नई औद्योगिक परियोजनाओं से क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा, स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र उत्तर प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक एवं विनिर्माण केंद्र के रूप में और अधिक मजबूत होगा। यह पहल प्रदेश को निवेश और औद्योगिक विकास के नए आयाम देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment