संत कबीर नगर में सीएम योगी: 684 करोड़ की 201 परियोजनाओं का शिलान्यास, कांग्रेस-सपा की नीतियों पर उठाए सवाल

Sanchar Now
3 Min Read

संत कबीर नगर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संतकबीरनगर जिले को लगभग 684 करोड़ रुपये की 201 विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी है. जिले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने सड़क, पुल, स्वास्थ्य, पर्यटन, खेल और पुलिस से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इनमें 50 बेड का क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल, विभिन्न सड़कों का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण और ऐतिहासिक स्थल मगहर में पर्यटन विकास से जुड़े कार्य प्रमुख रूप से शामिल हैं.

लोकार्पण और शिलान्यास के बाद कांशीराम स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर तीखा हमला बोला. कहा कि सपा और कांग्रेस के शासनकाल में गरीबों की जमीनों पर माफिया कब्जा कर लेते थे, बहन-बेटियां असुरक्षित थीं, व्यापारी डरा हुआ रहता था और किसान बदहाल था. इन दोनों दलों ने मिलकर उत्तर प्रदेश को ‘बीमारू राज्य’ बना दिया था.

सीएम योगी ने तंज कसते हुए कहा कि पूर्वांचल में इंसेफेलाइटिस जैसी घातक बीमारी से बच्चों को बचाने के लिए पिछली सपा सरकार के पास पैसे नहीं थे, लेकिन कब्रिस्तान बनाने के लिए फंड की कोई कमी नहीं रहती थी. मुख्यमंत्री ने मगहर स्थित बंद पड़ी कताई मिल का जिम्मेदार सपा-कांग्रेस की नीतियों को ठहराया और आश्वस्त किया कि इस मिल को जल्द ही दोबारा चालू कराया जाएगा.

इसके साथ ही उन्होंने प्रसिद्ध तामेश्वरनाथ धाम कॉरिडोर निर्माण की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और बाबा बैजूनाथ मंदिर के सुंदरीकरण व विकास के लिए अधिकारियों को तत्काल प्रस्ताव बनाकर भेजने के निर्देश दिए. अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए सीएम योगी ने कहा कि आज डबल इंजन सरकार के प्रयासों से पूर्वांचल से इंसेफेलाइटिस जैसी बीमारी पूरी तरह खत्म हो चुकी है. संतकबीरनगर में 95 हजार से अधिक परिवारों को पक्का मकान दिया जा चुका है, साढ़े तीन लाख से ज्यादा शौचालय बनाए गए हैं और लाखों किसानों को ‘किसान सम्मान निधि’ के साथ-साथ महिलाओं को पेंशन की सुविधा मिल रही है.

पढ़ें  धामी कैबिनेट: 11 महत्वपूर्ण फैसले, नेचुरल गैस पर वैट घटा, अटल आयुष्मान योजना और गोल्डन कार्ड पर फैसला

कानून-व्यवस्था पर अपनी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट लहजे में कहा कि आज प्रदेश में किसी भी गुंडे या माफिया की इतनी हिम्मत नहीं है कि वह हमारी बहन-बेटियों को छेड़े या किसी व्यापारी को डरा-धमका सके. कहा कि जिस किसी ने भी प्रदेश की शांति और सुरक्षा में सेंध लगाने का दुस्साहस किया है, वह आज या तो जेल की सलाखों के पीछे सड़ रहा है या फिर जहन्नुम पहुंच चुका है.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment