यूपी में रक्षाबंधन से पहले योगी सरकार ने बहनों को दिया तोहफा, 6 दिनों के लिए चलेंगी अतिरिक्त बसें

Sanchar Now
4 Min Read

यूपी में रक्षाबंधन के मौके पर बहनों की सुविधा के लिए परिवहन विभाग प्रदेश में छह दिनों के लिए चार हजार से अधिक अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा। परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने रक्षाबंधन पर महिला यात्रियों को विशेष सुविधाएं प्रदान किए जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि 26 से 31 अगस्त तक यात्रियों को अतिरिक्त परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। बहनों को पहले की तरह सुरक्षति व सुगम यात्रा कराने के लिए सभी तैयारियां की गई हैं। विशेष परिस्थितियों को छोड़कर कर्मचारियों के अवकाश पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। साथ ही क्षेत्र में तैनात अधिकारी के बिना अनुमति कार्यस्थल से अनुपस्थित पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।

परिवहन मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पर्व अवधि में परिवहन निगम की सभी बसों को आनरोड किया जाए। रक्षाबंधन पर्व पर पूर्वी क्षेत्र में लोग अधिक यात्रा करते है। इसे देखते हुए पूर्वी क्षेत्रों के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जाए। सभी बसों और बस स्टेशनों पर साफ-सफाई, पीने के लिए स्वच्छ जल तथा अन्य सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। बस स्टेशनों पर यात्री प्रतीक्षालय स्थल पर लाइट, पंखे की उत्तम व्यवस्था रहे। यात्रियों को बसों के संचालन के बारे में जानकारी देने के लिए कंट्रोल रूम 24 घंटे काम करेंगे। यात्रियों की उपलब्धता के अनुसार लखनऊ व कानपुर के लिए अतिरिक्त सेवाएं संचालित करने का निर्देश भी दिया गया है।

बढ़ेगी कनेक्टिविटी

परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु एन.सिंह ने सभी क्षेत्रीय/सहायक क्षेत्रीय प्रबंधको को निर्देश दिए है कि आवश्यकता के अनुसार दिल्ली से मुरादाबाद-बरेली होते हुए पूर्वी क्षेत्रों के लिए गाजियाबाद, मेरठ, मुरादाबाद, बरेली क्षेत्र के संचालन के प्रतिबंध में छूट दें। ऐसे ही दिल्ली से अलीगढ़-कानपुर होते हुए पूर्वी क्षेत्रों के लिए अलीगढ़, गाजियाबाद, आगरा व इटावा क्षेत्र के लिए संचालन के वर्तमान प्रतिबंध को शिथिल किया जाए। पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रों से यदि पश्चिम के क्षेत्रों के लिए प्रारंभिक प्वाइंटस से 60 प्रतिशत से अधिक यात्री लोड मिलता है तो सभी पूर्वी क्षेत्र, पश्चिम क्षेत्रों के लिए अतिरिक्त सेवाएं संचालित की जा सकती हैं। उन्होंने सभी बसों की मरम्मत कराने का निर्देश भी दिया। चालकों/परिचालकों कार्यशाला व संचालन शाखा के कर्मचारियों तथा पर्यवेक्षकों का ड्यूटी रोस्टर तैयार कर उसे नोटिस बोर्ड पर चस्पा करने का निर्देश दिया गया है। सभी अनुबंधित बसों के संचालन कराए जाने को लेकर भी कड़े निर्देश दिए गए हैं।

पढ़ें  दिल्ली में 11 साल के मासूम से दरिंदगी, हैवान ने कुकर्म कर बच्चे को सिगरेट से जलाया

विशेष प्रोत्साहन योजना

प्रबंध निदेशक ने बताया कि पर्व अवधि में प्रोत्साहन योजना प्रभावी रहेगी। 26 से 31 अगस्त तक निर्धारित शर्तों के तहत 1800 किलोमीटर बस संचालन करने वाले चालक-परिचालक को 1200 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। संविदा चालकों-परिचालकों को इस अवधि में 1800 किलोमीटर से अधिक बस संचालन करने पर प्रति किलोमीटर 55 पैसे अतिरिक्त भुगतान किया जाएगा। इस अवधि में डिपो व क्षेत्रीय कार्यशाला में प्रतिदिन मौजूद रहने वाले पात्र तकनीकी कर्मचारियों को 500 रुपये एकमुश्त प्रोत्साहन दिया जाएगा। हालांकि चालकों-परिचालकों के लिए योजना की पात्रता सेवा के 64 प्रतिशत से अधिक लोडफैक्टर से जुड़ी होगी। चिन्हित बस स्टेशनों पर बेहतर व्यवस्था बनाए रखने वाले कार्मिकों-पर्यवेक्षकों के प्रोत्साहन के लिए भी 90 हजार रुपये राशि स्वीकृत की गई है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment