संचार नाउ। भारतीय जनता पार्टी के हर घर तिरंगा अभियान के तहत गौतम बुद्ध नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा आईआईएमटी कॉलेज से हनुमान मंदिर तक निकाली गई, जिसमें सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी, सांसद डॉ. महेश शर्मा, विधायक तेजपाल नागर, एमएलसी नरेंद्र भाटी, संगठन मंत्री महामेधा नागर, जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि देश दो दिन बाद आजादी के 80वें वर्ष में प्रवेश करने जा रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, स्वाभिमान और आत्मविश्वास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान इसी राष्ट्रभावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास है।
अपने संबोधन में उन्होंने विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि “एक बिगड़े दिल शहजादे की जिद और सनक ने संसद के पूरे सत्र को बंधक बना दिया। विधेयक तो पारित हो गए, लेकिन जितनी सार्थक चर्चा होनी चाहिए थी, वह नहीं हो सकी।” उन्होंने आगे कहा कि अरविंद केजरीवाल पंजाब के मुद्दों पर मौन हैं, जबकि राहुल गांधी झारखंड के मामलों पर चुप्पी साधे हुए हैं।
