देहरादून। राज्य के कर्मचारियों और पेंशनर को इस माह सिंतबर का वेतन व पेंशन 26 सितंबर तक ही मिल जाएगी। राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए सरकार ने यह निर्णय किया है। बैंक हड़ताल 28 से 30 सितंबर तक रहेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शुक्रवार को प्रमुख सचिव-वित्त रमेश कुमार सुधांशु ने सभी डीएम और निदेशक-कोषागार, पेंशन को इस बाबत आदेश किए। प्रमुख सचिव ने बताया कि बैंक हड़ताल की वजह से बैंकिंग लेन-देन प्रभावित हो सकता है। कर्मचारियों और पेंशनर को उनके देयकों को किसी तकलीफ का सामना ना करना पड़े, इसलिए समय पूर्व वेतन देने का निर्णय किया गया है।
सुधांशु ने बताया कि सभी अधिकारियों को कहा गया है कि 26 सितंबर शनिवार को वेतन-पेंशन भुगतान की प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाए। यदि किसी कर्मचारी-पेंशनर से किसी भी प्रकार को समायोजन जरूरी हुआ तो वो अक्तूबर के वेतन में कर लिया जाएगा। मालूम हो कि राज्य में वर्तमान में कर्मचारियों और पेंशनर की संख्या तीन लाख से अधिक है।
