यूपी ग्लोबल ग्रोथ डायलॉग: बेंगलुरु में गूंजा सीएम योगी का नाम; लखनऊ में सॉफ्टवेयर लैब खोलेगी IBM, कॉग्निजेंट के नोएडा में 10 हजार कर्मी

Sanchar Now
3 Min Read

लखनऊ। आईटी सिटी बेंगलुरु में आयोजित ‘उत्तर प्रदेश ग्लोबल ग्रोथ डायलॉग-2026’ के रोड शो में ‘नए यूपी’ की गूंज सुनाई दी। देश-दुनिया की दिग्गज कंपनियों के टॉप एग्जीक्यूटिव्स ने उत्तर प्रदेश को निवेश और औद्योगिक विकास का नया ‘हॉटस्पॉट’ करार दिया है। एम्बेसी ग्रुप, आईबीएम (IBM) और कॉग्निजेंट जैसी ग्लोबल कंपनियों के लीडर्स ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन, मजबूत कानून-व्यवस्था, बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर और टेक्नोलॉजी-फ्रेंडली नीतियों की जमकर सराहना की। कॉरपोरेट जगत का साफ मानना है कि यूपी अब केवल एक बड़ा राज्य नहीं, बल्कि भारत के आर्थिक विस्तार की अगली सबसे बड़ी मंजिल बन चुका है।

लखनऊ में खुलेगी नई AI सॉफ्टवेयर लैब

आईबीएम इंडिया और साउथ एशिया की सीएफओ तेजस्विनी राजवाड़े ने यूपी के कारोबारी माहौल में आए बड़े बदलाव को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि सीएम योगी के नेतृत्व में ‘निवेश मित्र’ और सेक्टर-विशिष्ट नीतियों ने यूपी को एक वैश्विक निवेश इकोसिस्टम में बदल दिया है। युवाओं और टैलेंटेड मानव संसाधन को राज्य की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए राजवाड़े ने एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने बताया कि आईबीएम लखनऊ में ‘जनरेटिव एआई’ (Generative AI) पर केंद्रित एक नई सॉफ्टवेयर लैब स्थापित करने जा रहा है, जो कंपनी के ग्लोबल सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट इकोसिस्टम का अहम हिस्सा बनेगी।

महानगरों से आगे निकलकर नए बिजनेस हब बना रहा यूपी

एम्बेसी ग्रुप के सीईओ अमित शेट्टी ने उत्तर प्रदेश को ‘भारत की विकास गाथा का केंद्र’ बताया। उन्होंने जोर देकर कहा कि निवेश अब केवल कुछ महानगरों तक सीमित नहीं है, बल्कि यूपी के नोएडा, ग्रेटर नोएडा और लखनऊ जैसे शहर नए आर्थिक और उद्यम केंद्र के रूप में उभर रहे हैं। जेवर एयरपोर्ट, मजबूत एक्सप्रेसवे और मेट्रो कनेक्टिविटी ने इन शहरों को ग्लोबल मैप पर ला दिया है। शेट्टी के अनुसार, लखनऊ अब केवल प्रशासनिक और सांस्कृतिक शहर नहीं रहा, बल्कि यह एक मॉडर्न अर्बन इकोनॉमिक सेंटर बन चुका है।

पढ़ें  स्मृति ईरानी यूपी की राजनीति में फिर होंगी सक्रिय? पंकज चौधरी के नामांकन से क्या संकेत

कॉग्निजेंट ने सराही GCC नीति और 25% कैपिटल सब्सिडी

कॉग्निजेंट के वाइस प्रेसिडेंट गौरव हाजरा ने यूपी को टैलेंट और इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में सबसे तेजी से उभरता प्रतिस्पर्धी केंद्र बताया। वर्ष 2015 से यूपी में काम कर रही कॉग्निजेंट के आज केवल नोएडा में 10,000 से अधिक कर्मचारी हैं। हाजरा ने योगी सरकार की उद्योग अनुकूल नीतियों—विशेषकर ‘ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) नीति’ के तहत 25 प्रतिशत कैपिटल सब्सिडी और लचीली संरचना की भरपूर तारीफ की। उन्होंने लखनऊ में ‘एआई सिटी’ और ‘एआई प्रज्ञा’ जैसी आधुनिक पहलों को यूपी की एआई अर्थव्यवस्था के लिए गेम-चेंजर बताया।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment