भारत और श्रीलंका के बीच गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट का खेल खत्म हो गया है. बारिश की वजह से पहले दिन सिर्फ 73 ओवर का खेल हो सका. इस दौरान टीम इंडिया ने दो विकेट खोकर 288 रन बनाए. स्टम्प्स के समय देवदत्त पडिक्कल 131 और ऋषभ पंत 27 रनों पर नाबाद लौटे. वहीं केएल राहुल 77 रनों पर रिटायर्ड हर्ट हुए.
ऐसा रहा पहले टेस्ट का पहला दिन
पहले टेस्ट में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए भारत ने पहले दिन शानदार बल्लेबाजी की. भारत के लिए देवदत्त पडिक्कल ने शानदार शतक जड़ा. केएल राहुल ने अर्धशतक लगाया, लेकिन शतक से पहले वह काफी दर्द में दिखे, मैदान पर कुछ देर उनका इलाज हुआ, लेकिन फिर वह रिटार्यड हर्ट होकर पवेलियन वापस लौटे. ऋषभ पंत 36 गेंद में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 27 रन पर हैं. देवदत्त पडिक्कल 178 गेंद में 131 रनों पर हैं. वह 12 चौके और एक छक्का लगा चुके हैं.
इससे पहले यशस्वी जायसवाल 37 गेंद में पांच चौकों की मदद से 32 रन बनाकर आउट हुए. वह रन आउट होकर पवेलियन लौटे. केएल राहुल 162 गेंद में 77 रनों पर रिटायर्ड हर्ट होकर वापस गए. कप्तान शुभमन गिल 28 गेंद में 16 रन बनाकर आउट हुए. उन्हें प्रभात जयसूर्या ने आउट किया.
चोटिल हो गए केएल राहुल
तीसरे सेशन की शुरुआत में केएल राहुल मांसपेशियों में ऐंठन के कारण बल्लेबाजी नहीं कर सके. उन्हें पैरों में तकलीफ के कारण दर्द से कराहते और लंगड़ाते हुए देखा गया, जिसके बाद वह आगे अपना खेल जारी नहीं रख सके. केएल राहुल 162 गेंदों में 1 छक्के और 9 चौकों के साथ 77 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए. राहुल जब वापस लौट रहे थे, तो उन्हें ड्रेसिंग रूम की सीढ़ियां चढ़ने में संघर्ष करना पड़ा. वह आगे के इलाज के लिए विजिटर्स ड्रेसिंग रूम तक पहुंचने के लिए भारतीय टीम के फिजियो कमलेश जैन से मदद लेते नजर आए.
कप्तान शुभमन गिल चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे, जिन्होंने पडिक्कल के साथ 39 रन जोड़े. गिल इस पारी में 2 चौकों के साथ 16 रन ही जुटा सके. टीम इंडिया को 236 के स्कोर पर कप्तान के रूप में दूसरा झटका लगा था. भारत ने 63 ओवरों के खेल तक 2 विकेट गंवाकर 239 रन बना लिए थे, जिसके बाद बारिश के कारण खेल कुछ देर के लिए रोकना पड़ा. खेल दोबारा शुरू हुआ, तो देवदत्त पडिक्कल ने ऋषभ पंत के साथ 67 गेंदों में 52 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम इंडिया को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया.
फिलहाल पडिक्कल 178 गेंदों में 131 रन बनाकर नाबाद हैं. उनकी इस पारी में 1 छक्का और 12 चौके शामिल हैं, जबकि पंत ने 36 गेंदों में 1 छक्के और 3 चौकों के साथ 27 रन जोड़ लिए हैं. श्रीलंका की तरफ से एकमात्र सफलता प्रभात जयसूर्या ने हासिल की, जिन्होंने 24 ओवरों में 77 रन देकर 1 विकेट निकाला है.
देवदत्त पडिक्कल ने जड़ा ऐतिहासिक शतक
श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में शतक जड़ देवदत्त पडिक्कल ने इतिहास रच दिया है. पडिक्कल 21वीं सदी में भारत के लिए शतक लगाने वाले दूसरे लेफ्ट हैंड के बल्लेबाज बन गए हैं. सौरव गांगुली के बाद, जिन्होंने 2002 में दिल्ली में जिम्बाब्वे के खिलाफ 136 रन बनाए थे, देवदत्त पडिक्कल 21वीं सदी में भारत के लिए नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए टेस्ट शतक बनाने वाले दूसरे बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं. वहीं टेस्ट क्रिकेट में यह उनका पहला शतक है.
