यमुना प्राधिकरण के स्वतंत्रता दिवस समारोह में विकसित भारत का संकल्प, औद्योगिक विकास और जेवर एयरपोर्ट की बदलेगी तस्वीर

Sanchar Now
3 Min Read

संचार नाउ। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) में 80वें स्वतंत्रता दिवस का समारोह देशभक्ति, विकास और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। प्राधिकरण मुख्यालय में मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी और स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की। समारोह में अधिकारियों, कर्मचारियों, स्कूली बच्चों, पुलिसकर्मियों और पूर्व सैनिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमामय बना दिया।

अपने संबोधन में राकेश कुमार सिंह ने कहा कि आजादी अनगिनत बलिदानों का परिणाम है और इसकी रक्षा तथा राष्ट्र के विकास की जिम्मेदारी हर नागरिक की है। उन्होंने यमुना प्राधिकरण की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि औद्योगिक निवेश और विश्वस्तरीय आधारभूत ढांचे के माध्यम से क्षेत्र को देश का प्रमुख आर्थिक केंद्र बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने मेडिकल डिवाइस पार्क, अपैरल पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क, हैंडीक्राफ्ट पार्क, डाटा सेंटर पार्क और सेमीकंडक्टर पार्क जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ये परियोजनाएं रोजगार, निवेश और औद्योगिक विकास के नए आयाम स्थापित करेंगी तथा विकसित भारत के लक्ष्य को गति देंगी।

अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेन्द्र कुमार भाटिया ने स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास और आजादी के बाद भारत की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने स्वास्थ्य, खाद्यान्न उत्पादन, अंतरिक्ष विज्ञान, लोकतंत्र, भारतीय सेना, डिजिटल तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और वैश्विक स्तर पर भारतीय प्रतिभाओं की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (जेवर) इस पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदलने वाला है। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के साथ एमआरओ, एविएशन उद्योग, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (EMC) और एचसीएल-फॉक्सकॉन सेमीकंडक्टर यूनिट जैसी परियोजनाएं क्षेत्र को वैश्विक निवेश का केंद्र बनाएंगी।

पढ़ें  खेड़ा चौगानपुर में अवैध निर्माण पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई, 8 रिहायशी टावर सील

अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजेश कुमार ने अपने विचार रखते हुए स्वतंत्रता और स्वाधीनता के व्यापक अर्थों की व्याख्या की और नागरिकों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया। वहीं विशेष कार्याधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने देशभक्ति, सौहार्द और मानवता पर आधारित कविताओं एवं नज़्मों के माध्यम से उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम का जोश भर दिया। कार्यक्रम का संचालन महाप्रबंधक (वित्त) अशोक कुमार सिंह ने किया।

समारोह के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों को राकेश कुमार सिंह एवं अन्य अधिकारियों ने सम्मानित किया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक (परियोजना) राजेंद्र भाटी, वरिष्ठ स्टाफ अधिकारी नंद किशोर सुंदरियाल, भूलेख विभाग के अधिकारी, पुलिसकर्मी, पूर्व सैनिक तथा प्राधिकरण के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। पूरे समारोह में स्वतंत्रता के मूल्यों को आत्मसात करते हुए विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संदेश प्रमुखता से उभरकर सामने आया।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment