संचार नाउ। नोएडा के सेक्टर-81 स्थित ग्राम सलारपुर के ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। नोएडा प्राधिकरण द्वारा कम्युनिटी हॉल निर्माण के लिए निविदाएं जारी किए जाने के बाद किसान संगठन के प्रतिनिधियों ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया। किसान नेताओं ने कहा कि 21 जुलाई 2026 को मिली सैद्धांतिक स्वीकृति के बाद प्राधिकरण ने तेजी से कार्रवाई करते हुए निर्माण प्रक्रिया आगे बढ़ाई है, जिससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
किसान संगठन के प्रतिनिधियों ने बताया कि सलारपुर और आसपास के गांवों में शादी-विवाह, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए पर्याप्त और किफायती स्थान का अभाव था। लोगों को छोटे-बड़े आयोजनों के लिए दूर-दराज के बैंक्वेट हॉल बुक करने पड़ते थे, जिससे अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ता था। आधुनिक कम्युनिटी हॉल बनने के बाद ग्रामीणों को अपने ही क्षेत्र में सभी आवश्यक सुविधाओं के साथ बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।
करीब 576.97 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह कम्युनिटी हॉल आकर्षक ग्रीक थीम पर विकसित किया जाएगा। लगभग 4,613.26 वर्गमीटर भूमि पर बनने वाले इस दो मंजिला भवन में ग्राउंड फ्लोर पर डबल-हाइट हॉल, भव्य रिसेप्शन एरिया, ब्राइडल एवं ग्रूम रूम, अटैच्ड वॉशरूम तथा महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय बनाए जाएंगे। प्रथम तल पर एक विशाल हॉल के साथ चार अतिरिक्त कमरे भी तैयार किए जाएंगे, जिनमें अटैच्ड वॉशरूम की सुविधा होगी।
इसके अलावा परिसर में आधुनिक विद्युत व्यवस्था, बेहतर जल निकासी, चौड़ा प्रवेश मार्ग, आंतरिक एवं बाहरी सौंदर्यीकरण सहित सभी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। प्राधिकरण ने अनुबंध होने के बाद निर्माण कार्य एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह कम्युनिटी हॉल केवल एक भवन नहीं, बल्कि क्षेत्र की सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। इससे शादी-ब्याह, सामुदायिक बैठकों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी तथा लोगों का समय और आर्थिक खर्च दोनों की बचत होगी।
