ग्रेटर नोएडा के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कैंटीन संचालक संजय ने टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि कंपनी पर उनका 40 से 45 लाख रुपये का भुगतान बकाया है। भुगतान मांगने पर कैंटीन खाली करने का दबाव बनाया गया।
सुरक्षाकर्मियों की मदद से सामान बाहर फेंकने का आरोप है। इस घटना का एक वीडियो रविवार दोपहर 2 बजे से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
संजय के अनुसार, वह पिछले चार साल से एयरपोर्ट परिसर में कैंटीन चला रहे थे। टाटा प्रोजेक्ट्स से जुड़े अधिकारी, कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी उनकी कैंटीन में भोजन करते थे।
संचालक का आरोप है कि कंपनी के एडमिन विभाग ने लंबे समय से भोजन, पानी और बिजली के बिलों का भुगतान नहीं किया। धीरे-धीरे यह बकाया राशि बढ़कर 40-45 लाख रुपये तक पहुंच गई।
संजय ने बताया कि जब उन्होंने भुगतान की मांग की, तो अधिकारियों ने उन पर कैंटीन खाली करने का दबाव बनाया। आरोप है कि शनिवार देर रात फर्नीचर और कुर्सियां भी बाहर निकलवा दी गईं, जिसके बाद एयरपोर्ट परिसर में हंगामा हुआ।
संचालक ने कहा है कि जब तक उनका बकाया भुगतान नहीं हो जाता, वह कैंटीन खाली नहीं करेंगे। उन्होंने इस मामले में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद एयरपोर्ट प्रबंधन ने इस मामले का संज्ञान लिया है। प्रबंधन ने एक बयान में कहा कि उन्हें टाटा प्रोजेक्ट्स से जुड़े कैंटीन ऑपरेटर के संबंध में वायरल वीडियो की जानकारी मिली है। प्रबंधन ने उम्मीद जताई है कि टाटा प्रोजेक्ट्स इस मामले की समीक्षा कर जल्द ही विवाद को सुलझा लेगा।
