जेवर एयरपोर्ट के बाहर किसानों का धरना, बोले- स्थानीय युवाओं को नहीं मिल रहा रोजगार

Sanchar Now
3 Min Read

यूपी के ग्रेटर नोएडा में किसानों ने जेवर एयरपोर्ट की तरफ जाने वाली रोड को जाम कर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी किसानों का कहना है कि उन्होंने कई बार जेवर के विधायक और स्थानीय प्रशासन को इसके बार में शिकायत दी है कि यहां लगने वाले उद्योगों में स्थानीय लोगों को रोजगार नहीं मिल रहा है। किसानों का कहना है कि कंपनियां बाहर से आए लोगों को नौकरी देने का काम कर रही हैं। स्थानीय युवाओं को नहीं।

किसानों के मुताबिक, सरकार ने स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने की घोषणा की थी। लेकिन इसके बावजूद उन्हें रोजगार नहीं दिया जा रहा है उन्हें दरकिनार किया जा रहा है। इस वजह से स्थानीय लोग अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इसके अलावा स्थानीय अधिकारी भी उन लोगों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।

किसानों का आरोप है कि भर्ती एजेंसियों और निजी कंपनियों द्वारा चयन करने की प्रक्रिया में भी उनके साथ भेदभाव किया जा रहा है। वहीं उनके स्थान पर बाहरी लोगों को नौकरियां दी जा रही हैं। किसानों की शिकायत है कि उन लोगों ने मुआवजे के तौर पर 5 लाख रुपए के विकल्प को नहीं चुना था क्योंकि उनसे वादा किया गया था कि उनके बच्चों को जेवर एयरपोर्ट में स्थाई रोजगार दिया जाएगा।

जिला प्रशासन को दी गई शिकायत में बताया गया कि 9 अगस्त साल 2025 को जेवर की ही एक आईटीआई कॉलेज में एयरपोर्ट द्वारा कौशल विकास केंद्र शुरु किया गया था। इसमें 30 लोगों के एक बैच को चुना गया लेकिन उनमें प्रभावित किसानों के किसी भी बच्चे को शामिल नहीं किया गया था। इसके बाद 11 सिंतबर साल 2025 को प्रभावित किसानों के बच्चों को एयरपोर्ट बुलाया गया था। लेकिन वहां किसी ने उनसे कोई स्पष्ट बात नहीं की। इस वजह से युवाओं में नाराजगी बढ़ी हुई है और वह लोग धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जेवर एयरपोर्ट की तरफ जाने वाली सड़क को जाम कर दिया।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment