संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र के पीपलका गांव में 4 मार्च को आरिफ और सोनू के बीच हुए विवाद का आपसी सहमति से निपटारा होने के बावजूद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर मिथिलेश कुमार पर उत्पीड़न, अभद्रता और रिश्वत मांगने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
दरअसल, ग्रामीणों के अनुसार, गांव के लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था और इसकी लिखित जानकारी थाने में भी दी गई थी। इसके बावजूद आरोप है कि दरोगा मिथिलेश कुमार ₹50,000 की मांग कर रहे हैं। रकम न मिलने से नाराज होकर उन्होंने गांव के पढ़ने वाले 17 बच्चो पर शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई कर दी। जबकि अधिकांश बच्चे मौके पर मौजूद भी नहीं थे।
पीड़ितों का कहना है कि दरोगा लगातार गांव में आकर दोनों पक्षों को परेशान कर रहे हैं, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए बदतमीजी कर रहे हैं और झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दे रहे हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले भी एक NBW के मामले में दरोगा द्वारा 25 हजार रुपये की रिश्वत ली गई थी। मामले को लेकर ग्रामीणों ने एडीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार से शिकायत की है। एडीसीपी ने जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
