संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित शारदा यूनिवर्सिटी में नए छात्रों के स्वागत के लिए यूनिवर्सिटी स्तरीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम ‘दीक्षारंभ 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत सरकार के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने पारंपरिक दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर बॉलीवुड अभिनेत्री कृतिका अवस्थी, आईआईटी रोपड़ के निदेशक प्रो. (डॉ.) राजीव आहूजा, शारदा यूनिवर्सिटी के चांसलर पी.के. गुप्ता और वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) सिबाराम खारा सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
दरअसल, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा राष्ट्रीय प्रगति की नींव है। युवाओं को इनोवेशन, रिसर्च, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली को अपनाकर अपने भविष्य को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने छात्रों से अपने जुनून को पहचानकर उसे करियर में बदलने और समाज के लिए सार्थक योगदान देने का आह्वान किया।

इस दौरान आईआईटी रोपड़ के निदेशक प्रो. (डॉ.) राजीव आहूजा ने कहा कि व्यावहारिक ज्ञान के साथ नैतिक और सांस्कृतिक मूल्यों को अपनाना भी जरूरी है। वहीं चांसलर पी.के. गुप्ता ने कहा कि ‘दीक्षारंभ’ छात्रों की परिवर्तनकारी यात्रा की शुरुआत है। उन्होंने बताया कि 1996 में शुरू हुई शारदा की यात्रा आज वैश्विक स्तर तक पहुंच चुकी है और विश्वविद्यालय में 90 देशों के विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं।
कार्यक्रम में संगीत, नृत्य, नाटक, फैशन और साहित्यिक कला सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। कार्यक्रम का संचालन डीन अकादमिक डॉ. आर.सी. सिंह, एडमिशन डायरेक्टर डॉ. राजीव गुप्ता और डीन छात्र कल्याण डॉ. प्रमोद कुमार ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
