ग्रेनो प्राधिकरण ने ननवा का राजपुर व अटाई मुरादपुर में अतिक्रमण पर चलाया बुल्डोजर, 125 करोड़ की 62 हजार वर्ग मीटर जमीन को कराया अतिक्रमण मुक्त

Sanchar Now
2 Min Read

संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बुधवार को दो गांवों में ननवा का राजपुर व अटाई मुरादपुर में अतिक्रमण पर बुल्डोजर चलाया और लगभग 62,500 मीटर जमीन पर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। ये कालोनाइजर अधिसूचित एरिया में अवैध प्लॉटिंग करने की कोशिश कर रहे थे। जमीन की कीमत लगभग 125 करोड़ रुपये होने का आकलन है।

दरअसल ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने अधिसूचित एरिया में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। प्राधिकरण की टीम अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि कालोनाइजर ननवा का राजपुर के खसरा संख्या -40 व 41 की 37500 वर्ग मीटर जमीन पर अवैध निर्माण कर कालोनी बसाने की कोशिश कर रहे थे।

परियोजना विभाग के वर्क सर्किल-8 के वरिष्ठ प्रबंधक नागेंद्र सिंह के नेतृत्व में प्रबंधक राकेश बाबू और मिथिलेश कुमार सहित प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। इसी तरह अटाई मुरादपुर के खसरा संख्या 626 की 25 हजार वर्ग मीटर जमीन पर अतिक्रमण किया जा रहा था। इसी टीम ने यहां भी बुल्डोजर चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिया। टीम ने दोनों जगह मिलाकर लगभग 62,500 वर्ग मीटर जमीन कब्जे से मुक्त करा लिया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 125 करोड़ रुपये है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने कहा है कि ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित एरिया में किसी भी व्यक्ति को अवैध निर्माण करने की इजाजत नहीं है। ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से संपर्क कर पूरी जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। उन्होंने अपील की है कि अवैध कॉलोनी में अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment