संतकबीरनगर में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद की गाड़ी में भीड़ ने तोड़फोड़ कर दी। भीड़ ने गाड़ी को घेर लिया और उसका शीशा तोड़ दिया। पुलिस सांसद को भीड़ से बचाकर सुरक्षित बाहर ले गई। घटना शुक्रवार रात करीब 11 बजे की है।
विसर्जन यात्रा अमरडोभा चौराहे पर पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस डीजे को थाने ले जाने लगी। इससे नाराज लोग सड़क पर बैठकर विरोध करने लगे। तभी सांसद की गाड़ी वहां से गुजर रही थी। गुस्साई भीड़ ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और तोड़फोड़ कर दी।
घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है। अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह और अपर जिलाधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। घटना बखिरा थाना क्षेत्र का है।
विसर्जन जुलूस के साथ चल रहा था डीजे
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बखिरा कस्बे से गणेश प्रतिमा विसर्जन का जुलूस निकला था। जुलूस अमरडोभा होते हुए ढोढया नहर की ओर जा रहा था। तभी मेंहदावल के सीओ सर्वदमन सिंह मौके पर पहुंचे।
आरोप है कि सीओ ने जुलूस के साथ चल रहे डीजे वाहन की फोटो खींची। उसे बखिरा थाने ले जाने की बात कही। इससे जुलूस में शामिल लोग नाराज हो गए। सड़क पर बैठकर विरोध करने लगे। इसी दौरान भीड़ ने सांसद की गाड़ी पर हमला कर दिया।
सांसद की गाड़ी पर हमले के बाद उसमें सवार लोग भी नाराज हो गए। उन्होंने सड़क पर बैठकर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
