CSK को मिल गया नया हेड कोच, IPL 2027 में लेंगे स्टीफन फ्लेमिंग की जगह

Sanchar Now
3 Min Read

चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2027 से पहले अपने नए हेड कोच के नाम का ऐलान कर दिया है. पांच बार की चैंपियन टीम ने पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान को यह जिम्मेदारी सौंपी है. जहीर अब टीम के लिए स्टीफन फ्लेमिंग की जगह मुख्य कोच की भूमिका निभाएंगे.

18 साल कोच रहे फ्लेमिंग

फ्लेमिंग ने जुलाई 2026 में करीब 18 साल तक चेन्नई सुपर किंग्स के साथ रहने के बाद हेड कोच का पद छोड़ दिया था. उनके कार्यकाल में सीएसके ने पांच आईपीएल खिताब अपने नाम किए. हालांकि, पिछले कुछ सीजन टीम के लिए अच्छे नहीं रहे. पिछले दो आईपीएल सीजन में सीएसके क्रमशः आठवें और दसवें स्थान पर रही और प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी.

तीसरे हेड कोच बने जहीर खान

जहीर खान सीएसके के इतिहास में टीम की कमान संभालने वाले सिर्फ तीसरे हेड कोच होंगे. उनसे पहले 2008 में केपलर वेसेल्स और उसके बाद स्टीफन फ्लेमिंग ने यह जिम्मेदारी संभाली थी.

जहीर के पास आईपीएल में कोचिंग और बैकरूम स्टाफ का अच्छा अनुभव है. वह 2018 से 2022 तक मुंबई इंडियंस के साथ क्रिकेट ऑपरेशंस के निदेशक और ग्लोबल डेवलपमेंट के प्रमुख के तौर पर काम कर चुके हैं. इसके बाद 2025 में वह लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटर भी रहे थे.

जहीर बोले- सीएसके का हिस्सा बनना सम्मान की बात

नई जिम्मेदारी मिलने के बाद जहीर खान ने कहा कि आईपीएल की सबसे सफल टीमों में से एक का हिस्सा बनना उनके लिए सम्मान की बात है. उन्होंने सीएसके के खिलाफ अपने खेलने के दिनों को याद करते हुए टीम के साथ मुकाबलों को खास बताया.

जहीर ने चेपॉक में सीएसके के प्रशंसकों द्वारा बनाए जाने वाले माहौल का भी जिक्र किया. अब बतौर हेड कोच उनका पहला बड़ा काम आईपीएल 2027 की नीलामी से पहले टीम की जरूरतों के मुताबिक खिलाड़ियों को जोड़ने की रणनीति तैयार करना होगा.

पढ़ें  'लाहौर 1947' का क्यों बदला गया नाम? जानें- अब कब और किस टाइटल से रिलीज होगी सनी देओल की फिल्म

युवा खिलाड़ियों को तैयार करने पर रहेगा फोकस

सीएसके की ओर से जहीर की नियुक्ति को लेकर कहा गया है कि उनके शानदार खेल करियर और युवा खिलाड़ियों को तैयार करने की क्षमता से टीम को फायदा मिलेगा. फ्रेंचाइजी के मुताबिक, जहीर की मौजूदगी से टीम के मौजूदा कोर को और मजबूत करने में मदद मिलेगी.

सीएसके के प्रबंध निदेशक केएस विश्वनाथन ने भी जहीर की क्रिकेट समझ की तारीफ की. उन्होंने कहा कि जहीर विश्व स्तरीय गेंदबाज रहे हैं और लंबे समय से युवा क्रिकेटरों, खासकर तेज गेंदबाजों के मार्गदर्शन में अहम भूमिका निभाते आए हैं.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment