नोएडा: ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UP ITS 2026) के चौथे संस्करण का भव्य शुभारंभ हुआ. कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया. इस अवसर पर दोनों नेताओं ने उत्तर प्रदेश की बदलती औद्योगिक, निवेश और निर्यात क्षमता पर जोर दिया. अमित शाह ने कानून-व्यवस्था में सुधार को निवेश का आधार बताया, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नया उत्तर प्रदेश अब वैश्विक व्यापार और निवेश का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है.
अमित शाह बोले- माफिया राज खत्म होने से बना निवेश का माहौल
उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य में कानून-व्यवस्था में हुए बदलाव का उल्लेख किया उन्होंने कहा, ‘एक जमाने में उत्तर प्रदेश में माफियाओं का शासन चलता था. 2017 में यहां भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी, योगी आदित्यनाथ जी इसके मुख्यमंत्री बने और आज यूपी में माफियाओं को समाप्त करने का काम भाजपा की योगी सरकार ने किया है. इसी कारण यहां निवेश का माहौल बना है.’ अमित शाह ने कहा कि निवेश के लिए चार प्रमुख शर्तें होती हैं, जिनमें अच्छी कानून-व्यवस्था, अनुकूल औद्योगिक नीति, सक्रिय सरकार और उद्योगों की मदद करने का उत्साह शामिल है. उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में ये चारों स्थितियां मौजूद हैं.
‘नया उत्तर प्रदेश, नए भारत की ताकत का प्रतीक’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने दुनिया के कई प्रमुख देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) किए हैं. उन्होंने कहा, ‘इन समझौतों का लाभ उठाते हुए उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय कंपनियों को भारत में कारोबार स्थापित करने और दुनिया भर में निर्यात करने का महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार उपलब्ध करा रहा है.’ योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विभिन्न देशों से आए अंतरराष्ट्रीय खरीदार इस बात का प्रमाण हैं कि उत्तर प्रदेश के उत्पादों की गुणवत्ता, आपूर्ति श्रृंखला और उद्यमियों की विश्वसनीयता पर वैश्विक भरोसा लगातार बढ़ रहा है.
अंतरराष्ट्रीय भागीदारी ने बढ़ाई शो की अहमियत
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस जैसे देशों ने पार्टनर कंट्री के रूप में भागीदारी की है. उन्होंने कहा, ‘इन देशों के विशेष पवेलियन हमारे द्विपक्षीय व्यापार संबंधों को नई ऊंचाई दे रहे हैं. हम यहां रणनीतिक साझेदारी, तकनीकी हस्तांतरण और संयुक्त निवेश की नींव रखने के लिए एकत्र हुए हैं.’
कारीगरों, किसानों और MSME की ताकत का प्रदर्शन
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बढ़ती भीड़ केवल आयोजन की सफलता नहीं, बल्कि देश और उत्तर प्रदेश पर बढ़ते वैश्विक विश्वास का प्रतीक है. उन्होंने कहा, ‘यह विश्वास हमारे कारीगरों, उनकी शिल्पकला, युवाओं के नवाचार, MSME क्षेत्र और किसानों की मेहनत का सम्मान है.’ मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो राज्य की अलग पहचान बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बन चुका है.
ODOP और MSME उत्पाद आकर्षण का केंद्र
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में शुरू किया गया यह मंच उत्तर प्रदेश के उत्पादों को वैश्विक पहचान देने का माध्यम बना है. उन्होंने कहा कि यहां प्रदर्शित उत्पादों में MSME सेक्टर के उत्पाद, एक जिला एक उत्पाद (ODOP) और एक जिला एक व्यंजन (One District One Cuisine) जैसी पहलें शामिल हैं. मुख्यमंत्री के अनुसार ये उत्पाद उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक, औद्योगिक और उद्यमशील परंपरा का प्रतिनिधित्व करते हैं.
