संचार नाउ। जनपद दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन, गौतमबुद्ध नगर में शुक्रवार को आयोजित बैठक में अधिवक्ताओं के लिए लंबे समय से लंबित चैंबर आवंटन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए 448 अधिवक्ताओं को चैंबर चिन्हित कर भौतिक रूप से कब्जा दिलाए जाने की जानकारी दी गई। बार एसोसिएशन की ओर से दी गयी जानकारी के अनुसार, अब संबंधित अधिवक्ता अपने चैंबर का उपयोग करते हुए विधिक व्यवसाय शुरू कर सकते हैं।
दरअसल, जनपद दीवानी एवं फौजदारी 12 एसोसिएशन की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार शनिवार 3 अक्टूबर को 12 एसोसिएशन के सभागार में बार अध्यक्ष मनोज भाटी (बोड़ाकी), एडवोकेट की अध्यक्षता तथा बार सचिव शोभाराम चंदीला, एडवोकेट के संचालन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बार एसोसिएशन के वर्तमान कार्यकारिणी पदाधिकारियों एवं चैंबर निर्माण कमेटी के सदस्यों की मौजूदगी में अधिवक्ताओं को चैंबर चिन्हित किए गए।
448 अधिवक्ताओं को मिला चैंबर का भौतिक कब्जा
जानकारी के अनुसार, चैंबर निर्माण कमेटी में शामिल देवीशरण शर्मा एडवोकेट, मनोज कुमार शर्मा एडवोकेट, डॉ. तजवीर एडवोकेट, डॉ. दलवीर एडवोकेट, ममता चौधरी एडवोकेट, भूपेंद्र मंगल एडवोकेट, भोपाल सिंह नागर एडवोकेट और श्याम सिंह चौधरी एडवोकेट सहित अन्य सदस्यों की मौजूदगी में चैंबरों का चिन्हांकन किया गया। इसके बाद कुल 448 अधिवक्ताओं को उनके चैंबर का भौतिक रूप से कब्जा प्रदान किए जाने की बात कही गई है।
16 साल के इंतजार के बाद शुरू होगा विधिक व्यवसाय
बार अध्यक्ष मनोज भाटी व सचिव शोभाराम चंदीला ने कहा कि पिछले 16 वर्षों में पहली बार अधिवक्ताओं के लिए चैंबर उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम हुआ है। उन्होंने वर्तमान कार्यकारिणी द्वारा किए गए प्रयासों के लिए सहयोग करने वाले सभी अधिवक्ताओं का आभार जताया और चैंबर प्राप्त करने वाले अधिवक्ताओं को शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर चैंबर निर्माण से जुड़े पदाधिकारियों एवं कमेटी सदस्यों के प्रयासों की भी सराहना की गई।
