छह राज्यों के 41 कॉलेजों के बीच लॉयड कॉलेज की पूजा निर्माण ने चमकाया नाम, टीम ग्रूट ने हासिल किया फर्स्ट रनर-अप दूसरा स्थान

Sanchar Now
3 Min Read

संचार नाउ। प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर बड़ी से बड़ी चुनौती को भी अवसर में बदला जा सकता है। इसका शानदार उदाहरण ग्रेटर नोएडा स्थित लॉयड कॉलेज के तीन विद्यार्थियों ने पेश किया है। गाजियाबाद की क्राइस्ट यूनिवर्सिटी में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता ‘हैकइंडिया-हैकजेनेसिस 2026’ में लॉयड कॉलेज की टीम ग्रूट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान यानी फर्स्ट रनर-अप का खिताब अपने नाम किया। इस उपलब्धि में टीम की सदस्य पूजा निर्माण ने विशेष भूमिका निभाई। उनके साथ हिमांशु और कार्तिक ने भी अपनी प्रतिभा और तकनीकी समझ का शानदार प्रदर्शन किया।

दरअसल, बीते शुक्रवार सुबह 9 बजे से शुरू हुई इस हैकथॉन प्रतियोगिता में देश के छह राज्यों और 41 प्रमुख कॉलेजों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। शुरुआत से ही प्रतियोगिता का स्तर काफी कठिन था। अलग-अलग संस्थानों से आए प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा थी। ऐसे माहौल में अपनी प्रतिभा साबित करना लॉयड कॉलेज की टीम के लिए आसान नहीं था।

शुरुआत में चुनौतीपूर्ण था मुकाबला, हौसले और मेहनत से बनाई जगह

टीम की सदस्य पूजा निर्माण ने बताया कि प्रतियोगिता के शुरुआती दौर में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। सवालों के जवाब देना, अपनी तकनीकी समझ को प्रस्तुत करना और जजों के सामने प्रोजेक्ट की खूबियां समझाना काफी चुनौतीपूर्ण था। हालांकि, टीम ने धैर्य नहीं खोया और पूरी मेहनत एवं आत्मविश्वास के साथ हर चुनौती का सामना किया। उनके जवाबों और प्रोजेक्ट की प्रस्तुति से प्रभावित होकर निर्णायक मंडल ने तीनों विद्यार्थियों की सराहना की और टीम को दूसरा स्थान प्रदान किया।

पढ़ें  लंबे बालों में युवक ने गिनीज बुक वर्ल्ड में "लिविंग मेल टीनएजर" का खिताब अपने नाम कराया दर्ज

छह राज्यों के विद्यार्थियों के बीच हासिल की उपलब्धि

इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा और राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों से आई टीमों ने हिस्सा लिया। दिल्ली-एनसीआर, प्रयागराज, हल्द्वानी, कानपुर, गोरखपुर, लखनऊ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, मुरादाबाद, जयपुर, फरीदाबाद, कोटा और गुरुग्राम समेत 14 जिलों के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

छोटी जीत नहीं, बड़ी उपलब्धि है दूसरा स्थान

पूजा निर्माण और उनकी टीम के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि इतने बड़े स्तर की प्रतियोगिता में अनुभवी और प्रतिभाशाली टीमों के बीच दूसरा स्थान हासिल करना अपने आप में बड़ी सफलता है। यह उपलब्धि बताती है कि सफलता के लिए केवल संसाधन नहीं, बल्कि मेहनत, सीखने की ललक, आत्मविश्वास और लगातार प्रयास करना भी जरूरी है।

क्राइस्ट यूनिवर्सिटी की ओर से भी लॉयड कॉलेज की टीम के प्रदर्शन की सराहना की गई। विद्यार्थियों की इस सफलता से कॉलेज, उनके परिजनों और ग्रेटर नोएडा में खुशी का माहौल है। टीम ग्रूट की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा है कि कठिन मुकाबले से घबराने के बजाय पूरे आत्मविश्वास के साथ प्रयास किया जाए, क्योंकि बड़ी मंजिल की शुरुआत अक्सर ऐसी ही छोटी-छोटी जीत से होती है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment