राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में शनिवार की सुबह एक भयानक हादसा हुआ. इसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गया. यह हादसा एक निर्माणाधीन मकान का लेंटर डालते समय हुआ. अचानक पूरा लेंटर भरभराकर गिर गया. हादसा शनिवार की सुबह करीब साढ़े 8 बजे का है. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.
हादसा गाजियाबाद में मोदीनगर के सीकरी कला का है.पुलिस के मुताबिक यहां एक नए भवन का निर्माण कार्य चल रहा था. बिल्डिंग का शेटरिंग डालने के बाद लेंटर डाला जा रहा था. इसके लिए मजदूर काम में जुटे थे. तभी अचानक पूरा लेंटर भरभरा कर गिर गया और वहां काम कर रहे 7-8 मजदूर इसके नीचे दब गए. इस हादसे को देख वहां मौजूद बाकी मजदूरों में चीख पुकार मच गई. आनन फानन में घटना की जानकारी पुलिस को दी गई.
पुलिस ने निकाला शव
सूचना पर रेस्क्यू टीमों के साथ पहुंची ने गौरीशंकर नामक मजदूर का शव बाहर निकाला. वहीं अन्य 6 मजदूरों को मलबे के नीचे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया. इनमें 5 मजदूरों की हालत गंभीर बनी हुई है. इन मजदूरों को डॉक्टरों की निगरानी में अस्पताल में भर्ती किया गया है. पुलिस के मुताबिक रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. इसके साथ ही पता किया जा रहा है कि यह किसका मकान बन रहा था.
शेटरिंग बांधने में लापरवाही का शक
पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया हादसे की वजह शेटरिंग टूटने के रूप में सामने आई है. आशंका है कि मजदूरों ने शेटिरंग बांधने में लापरवाही बरती. इसकी वजह से शेटरिंग लेंटर का लोड झेल नहीं पायी और थोड़ी ही देर में पूरा लेंटर नीचे गिर गया. हालांकि पुलिस हर संभावित एंगल से घटना के कारणों की जांच कर रही है. पुलिस के मुताबिक इस हादसे में अब तक एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है. वहीं बाकी लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई गई है.
