एनएच-34 पर कचरे के ढेर बने जानलेवा, कोहरे में हादसों का बढ़ा खतरा; जिम्मेदार विभाग बेखबर

Sanchar Now
3 Min Read

संचार नाउ। गाजियाबाद से अलीगढ़ जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-34 (NH 91) पर लाल कुआं से धूम मानिकपुर तक सफर करना यात्रियों के लिए लगातार मुश्किल होता जा रहा है। हाईवे के किनारे जगह-जगह खुले में फेंका जा रहा कचरा अब न केवल स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बनता जा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास स्थानीय लोगों के द्वारा कूड़े के ढेर जमा होने से हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

दरअसल, हैरानी की बात यह है कि देशभर में स्वच्छ भारत अभियान के तहत स्वच्छता को लेकर जागरूकता और साफ-सफाई पर जोर दिया जा रहा है, लेकिन राष्ट्रीय राजमार्ग जैसे महत्वपूर्ण मार्ग पर गंदगी का यह आलम अभियान के उद्देश्यों पर सवाल खड़े कर रहा है।

 कोहरे में कूड़े के ढेर बन सकते हैं हादसों की वजह

सर्दियों का मौसम शुरू होने के साथ ही सुबह के समय घना कोहरा छाने लगा है। ऐसे में हाईवे के किनारे जमा कचरा और उससे निकलने वाली दुर्गंध वाहन चालकों के लिए अतिरिक्त परेशानी पैदा कर रही है। कम दृश्यता के दौरान सड़क किनारे कूड़े के ढेर दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं। इसके अलावा कचरे में पनपने वाले हानिकारक बैक्टीरिया, वायरस और अन्य विषैले तत्व आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बने हुए हैं। लंबे समय से इस समस्या का समाधान नहीं होने से स्थिति लगातार बिगड़ रही है।

पढ़ें  ग्रेटर नोएडा वेस्ट के चाइनीस फूड कॉर्नर में लगी आग, सारा सामान जलकर हुआ राख

 टोल प्लाजा के अधिकारियों तक पहुंची शिकायत

इस समस्या को लेकर हाईवे से गुजरने वाले राहगीर रहबर टोल प्लाजा पर एनएचएआई के अधिकारियों से शिकायत कर रहे हैं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों ने हाईवे के दोनों तरफ फैली गंदगी को रोकने के लिए आसपास की ग्राम पंचायतों, नगर पंचायतों और नगर पालिकाओं को पत्र लिखकर समस्या के समाधान के लिए कहा है।

 सफाई व्यवस्था पर जिम्मेदारी तय करने की जरूरत

राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे कचरा फेंकने का सिलसिला यदि समय रहते नहीं रोका गया तो आने वाले दिनों में यह समस्या और गंभीर हो सकती है। जरूरत है कि संबंधित स्थानीय निकाय नियमित सफाई सुनिश्चित करें और खुले में कचरा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें। साथ ही हाईवे के आसपास कचरा फेंकने पर प्रभावी निगरानी रखी जाए, ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग को कचराघर बनने से बचाया जा सके। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग शिकायतों और अधिकारियों की पहल के बाद इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए कितनी गंभीरता दिखाते हैं।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment