नोएडा: नोएडा के थाना सेक्टर-126 क्षेत्र के ट्रक मार्केट में मंगलवार को एक टैक्सी कार में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया. आग इतनी भीषण थी कि कार के अंदर मौजूद एक व्यक्ति उसकी चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया. सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची. दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया. इसके बाद कार के अंदर एक व्यक्ति झुलसी हुई अवस्था में मिला. उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) गौतम बुद्ध नगर प्रदीप कुमार चौबे ने बताया 17 नवंबर को ट्रक मार्केट में एक टैक्सी कार में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी. सूचना मिलते ही फायर सर्विस यूनिट को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया. राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया गया. दमकल विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए आग को पूरी तरह बुझा दिया.
उन्होंने बताया कि कार के अंदर एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलसी अवस्था में मिला था. उसे तत्काल अस्पताल भिजवाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. एडीसीपी नोएडा अभय मिश्रा ने बताया कि पुलिस उसकी शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है. पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. कार में आग लगने के कारणों का पता लगाने के साथ ही मामले में अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
