संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की कमान संभालते ही नवनियुक्त सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। किसानों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान, सहमति के आधार पर भूमि अधिग्रहण, विकास कार्यों में गुणवत्ता और शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करना उनकी प्राथमिकता में रहेगा। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि शहर के विकास और जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दरअसल, बुधवार को 2004 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. बलकार सिंह ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) का कार्यभार ग्रहण किया। इससे पहले वह यूपीसीडा के सीईओ के पद पर कार्यरत थे। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने एसीईओ प्रेरणा सिंह, सुमित यादव और नुपुर गोयल की मौजूदगी में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पहली समीक्षा बैठक की।

किसानों की समस्याओं पर रहेगा विशेष फोकस
बैठक में सीईओ ने साफ किया कि किसानों की आपसी सहमति और उनकी जायज मांगों को ध्यान में रखते हुए ही भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए। किसानों और आवंटियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने निर्देश दिए कि प्राधिकरण कार्यालय आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत सम्मानपूर्वक सुनी जाए और तय समयसीमा में उसका निस्तारण किया जाए।
विकास कार्यों की गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर भी सीईओ ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने परियोजना विभाग को नियमित निरीक्षण करने के साथ प्रतिष्ठित एजेंसियों से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों को फील्ड में जाकर समस्याएं चिह्नित करने और उनके समाधान की कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
प्रदूषण नियंत्रण और सफाई पर जोर
शहर में बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए सड़कों के किनारे और सेंट्रल वर्ज पर घास लगाने के निर्देश दिए गए। सीईओ ने एसटीपी से शोधित पानी का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सिंचाई और निर्माण कार्यों में भूजल के स्थान पर ट्रीटेड वाटर का इस्तेमाल किया जाए, जिससे भूजल का संरक्षण हो सके।
निवेशकों के लिए बनेगा सिंगल विंडो सिस्टम
निवेश को बढ़ावा देने के लिए सीईओ ने सिंगल विंडो सिस्टम विकसित करने की आवश्यकता बताई, ताकि निवेशकों को अलग-अलग विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके अलावा आवासीय सेक्टरों में खाली पड़े भूखंडों के आवंटियों को चिह्नित कर उन्हें निर्माण के लिए प्रेरित करने के निर्देश नियोजन विभाग को दिए। बैठक में जीएम वित्त स्वतंत्र गुप्ता, ओएसडी अभिषेक पाठक, गुंजा सिंह, लवगीत कौर, गिरीश कुमार झा, मुकेश कुमार सिंह, महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह सहित प्राधिकरण के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
