खटीमा (ऊधम सिंह नगर)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को शारदा तट पर पूजा-अर्चना कर झनकईया मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कार्तिक पूर्णिमा, गंगा स्नान और गुरु पर्व के महत्व का उल्लेख करते हुए सभी को पर्वों की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कामना की कि पर्वों के उल्लास और आस्था से सभी के जीवन में मंगल आए तथा उनके कार्य सफल हों। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा के बेहद करीब आयोजित झंकइया मेला धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
यह मेला दोनों देशों के बीच आपसी एकता और भाईचारे को मजबूत करने का माध्यम है। मेले के आसपास भारामल बाबा, महादेव सहित कई प्राचीन मंदिर हैं, जिनके प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है।
उन्होंने बताया कि पीलीभीत, बरेली, रामपुर, बदायूं समेत आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मेले में पहुंचते हैं। मेला लोगों को आपस में जोड़ने के साथ व्यापारियों को व्यापार का अवसर प्रदान करता है।
स्थानीय उत्पाद तैयार करने वाले लोगों और विभिन्न व्यवसायों से जुड़े लोगों के लिए भी यह आयोजन एक बेहतर मंच है। सीएम ने कहा कि मेले हमारी सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा, शक्ति और ऊर्जा देते हैं। झंकइया का यह मेला बेहद प्राचीन है और इससे उनका व्यक्तिगत व भावनात्मक जुड़ाव रहा है।
उन्होंने कहा कि बचपन से ही वह इस मेले में आते रहे हैं और यहां के व्यापारियों तथा आने वाले लोगों के साथ उनका आत्मीय संबंध रहा है।मुख्यमंत्री ने मेले के शुभारंभ पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए लोगों से मेले का आनंद लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
