गुरु नानक देव जी दिया एक ओंकार का संदेश; दिखाई समानता और एकता की राह: योगी आदित्यनाथ

Sanchar Now
3 Min Read

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि साहिब श्रीगुरु नानक देव जी महाराज ने एक ओंकार का संदेश देकर संपूर्ण मानवता को समानता, सद्भाव और एकजुटता का मार्ग दिखाया।

उनका मानना था कि ईश्वर एक है और हम सभी उसकी संतान हैं। इसलिए प्रत्येक मनुष्य समान सम्मान का अधिकारी है। गुरु नानक देव की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं। इन्हें आत्मसात कर समाज को भेदभाव और अज्ञानता से मुक्त किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री मंगलवार को डीएवी कालेज मैदान में गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख, अमृतसर से आए ज्ञानी केवल सिंह और उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सरदार परविंदर सिंह सहित उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रकाश पर्व की बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव ने उस दौर में समाज को एकजुट करने का काम किया, जब जाति, सत्ता और मजहब के नाम पर समाज बंटा हुआ था और विदेशी आक्रमणों की चुनौतियां थीं।

उन्होंने अपनी यात्राओं के माध्यम से मानवता को एकता का संदेश दिया। नाम जपो, कीरत करो और वंड छको का सिद्धांत जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। इसका अर्थ है ईश्वर का स्मरण करना, ईमानदारी से मेहनत करना और मिल-बांटकर भोजन करना।

उन्होंने कहा कि गुरुद्वारों में एक साथ बैठकर लंगर ग्रहण करने की परंपरा समानता और सामाजिक समरसता का जीवंत उदाहरण है। वहां किसी की जाति, मत या मजहब नहीं पूछा जाता। सभी एक पंगत में बैठकर भोजन करते हैं। यही सच्ची आध्यात्मिकता है, जो मनुष्य को स्वार्थ से ऊपर उठकर समाज के लिए काम करने की प्रेरणा देती है।

पढ़ें  लोकायुक्त के मामले लेकर HC सख्त, सरकार को दिए आठ हफ्ते में नियुक्ति के आदेश

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी का बलिदान, गुरु गोविंद सिंह जी के चार साहिबजादों का त्याग और सिख वीरों का संघर्ष देश और धर्म की रक्षा के अद्वितीय उदाहरण हैं।

सात और नौ वर्ष की आयु में बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह ने भी अत्याचार के सामने झुकने के बजाय बलिदान स्वीकार किया। उनकी वीरता से नई पीढ़ी को परिचित कराने के लिए 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई। उन्होंने कहा कि लखनऊ से शुरू हुआ यह आयोजन आज देशभर में हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत जब तक सिख गुरुओं के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव रखेगा, तब तक कोई ताकत देश का अहित नहीं कर सकेगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से गुरु साहिब की शिक्षाओं को जीवन में उतारने और युवा पीढ़ी को सिख गुरुओं के योगदान से परिचित कराने का आह्वान किया। आयोजन में गुरुद्वारा नाका हिंडोला के अध्यक्ष डा.अमरजोत सिंह, राजेंद्र सिंह बग्गा समेत सिख संगत मौजूद थी।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment