बुलंदशहर: पूर्व MLA गुड्डू पंडित की गुंडई! घर में घुसकर पत्नी को पीटा, बाल खींचे

Sanchar Now
3 Min Read

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में पूर्व विधायक भगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित पर उनकी पत्नी और कांग्रेस नेत्री अर्चना पांडा ने मारपीट और बदसलूकी का गंभीर आरोप लगाया है. अर्चना पांडा ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर पूर्व विधायक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने अपने और अपने बच्चे की सुरक्षा को लेकर भी पुलिस से गुहार लगाई है. इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

घर पहुंचकर दरवाजा खटखटाने का आरोप

अर्चना पांडा के मुताबिक, वह अपने बेटे के साथ घर में मौजूद थीं. इसी दौरान पूर्व विधायक श्रीभगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित उनके घर पहुंचे. आरोप है कि उन्होंने जोर-जोर से दरवाजा खटखटाया और बाहर से चिल्लाने लगे. अर्चना का कहना है कि जब वह दरवाजा खोलने के लिए पहुंचीं तो पूर्व विधायक ने उन्हें धक्का दे दिया. इससे वह फर्श पर गिर गईं. इसके बाद उनके साथ गाली-गलौज और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किए जाने का आरोप है.

बाल खींचकर मारपीट का आरोप

शिकायत में अर्चना पांडा ने आरोप लगाया है कि फर्श पर गिरने के बाद उनके पति ने उनके बाल खींचे और मारपीट की. उन्होंने बताया कि घटना के दौरान घर में मौजूद उनका बेटा भी वहां था. महिला की चीख-पुकार सुनकर घर का नौकर मौके पर पहुंचा. उसने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया. अर्चना का आरोप है कि वीडियो बनता देखकर पूर्व विधायक पीछे हट गए और मारपीट रुक गई.

किसी तरह घर से बाहर निकलीं

घटना के बाद अर्चना पांडा किसी तरह घर से बाहर निकलकर सड़क की ओर गईं और पुलिस को सूचना दी. इसके बाद उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की जानकारी दी. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में भी मारपीट से जुड़ा घटनाक्रम दिखाई देने का दावा किया जा रहा है.

पढ़ें  संभल में बावड़ी की तीसरे दिन खुदाई में नजर आई सीढ़ियां, डीएम ने कहा- कार्रवाई होगी… प्रशासन के एलान से मचा हड़कंप!

परिवार पर धमकी देने का भी आरोप

कांग्रेस नेत्री ने पुलिस को बताया कि पूर्व विधायक और उनके परिवार की ओर से उन्हें और उनके बच्चे को लगातार धमकियां मिल रही हैं. उन्होंने अपनी और अपने मासूम बच्चे की जान को खतरा बताया है. अर्चना पांडा ने पुलिस से 24 घंटे महिला पुलिसकर्मियों की सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है. उन्होंने यह भी कहा है कि अदालत में चल रहे मामलों को वह वापस नहीं लेंगी.

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है. सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि मामले की जांच कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और शिकायत में लगाए गए आरोपों समेत पूरे मामले की जांच कर रही है. जांच के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment