‘आक्रांताओं ने मंदिर तोड़े, पर हमारी आस्था नहीं तोड़ सके’, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी समारोह में बोले सीएम योगी

Sanchar Now
4 Min Read

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व शुक्रवार को श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शहर के मंदिरों के साथ-साथ कमिश्नरेट के सभी 53 पुलिस थानों में भी भव्य सजावट की गई है। इस मौके पर लखनऊ की रिजर्व पुलिस लाइंस में आयोजित मुख्य श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

पुलिस लाइन स्थित मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वहां मौजूद लोगों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अपने मथुरा-वृंदावन दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि कोई भी आक्रांता मंदिर भले ही तोड़ दे, लेकिन भारत के जनमानस में रची-बसी सनातन आस्था को कभी नहीं मिटा सकता।

‘आक्रांता मूर्तियां तोड़ सकते हैं, मूल्य नहीं’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इतिहास इस बात का साक्षी है कि विदेशी आक्रांताओं ने मंदिरों पर अपनी इमारतें खड़ी करने की कोशिशें कीं, लेकिन वे लोगों के मन में बसे श्रीराम और श्रीकृष्ण को कभी छू भी नहीं पाए।

उन्होंने सोमनाथ मंदिर का उदाहरण देते हुए कहा कि मंदिर बार-बार तोड़ा गया, लेकिन भारत ने उसे बार-बार बनाया। इसी तरह अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को भी बार-बार तोड़ा गया, लेकिन आज वह अपनी अजेय पताका के साथ खड़ा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी विश्वनाथ मंदिर भी बार-बार तोड़ा गया, जिसे देवी अहिल्याबाई होल्कर और आधुनिक भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिव्य स्वरूप प्रदान किया।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिन लोगों ने भारत की आस्था को नष्ट करने का प्रयास किया, वे खुद मिट्टी में मिल गए और इतिहास के पन्नों में उनका नाम तक शेष नहीं बचा। इसके विपरीत भारत आज भी जीवित, जागृत और अपनी शाश्वत यात्रा पर आगे बढ़ रहा है।

पढ़ें  ‘कुंवारी हो नहीं मिलेगा लोन’… रिजेक्ट कर दिया एप्लीकेशन, MYUWA स्कीम में बैंकों की मनमानी, कहा- शादी हुई होती तो दे देते

मथुरा-वृंदावन की आस्था का किया जिक्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने मथुरा-वृंदावन दौरे का संस्मरण भी सुनाया। उन्होंने कहा कि बांके बिहारी के दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालु गर्मी और अन्य व्यवधानों की परवाह किए बिना उमड़ रहे हैं। यह भारतीय आस्था की मजबूती को दर्शाता है।

उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के गीता उपदेशों का उल्लेख करते हुए कहा कि कान्हा का संदेश है कि मनुष्य को अपने कर्मक्षेत्र को पहचानना चाहिए और श्रेष्ठ कर्म करना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश सकारात्मक प्रतिस्पर्धा के साथ आगे बढ़ रहा है। जब तक हम कर्तव्य पथ पर निष्काम कर्म को अपने जीवन का हिस्सा बनाए रखेंगे, तब तक भारत की विजय यात्रा अनवरत जारी रहेगी।

इस्कॉन मंदिर में 256 प्रकार के भोग

राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी स्थित इस्कॉन मंदिर में भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव बेहद खास अंदाज में मनाया जा रहा है। यहां भगवान श्रीकृष्ण को 256 प्रकार के दिव्य व्यंजनों का महाभोग लगाया गया है।

मंदिर परिसर में सुबह 6 बजे से ही अखंड संकीर्तन चल रहा है। इसके साथ ही बच्चों के लिए ‘कौन बनेगा कृष्णा डेवोटी’ क्विज का भी आयोजन किया गया है।

53 थानों में सजीं कृष्ण की झांकियां

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर लखनऊ कमिश्नरेट के सभी 53 पुलिस थानों को भी सजाया गया है। पुलिसकर्मियों की ओर से थानों में भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी झांकियां तैयार की गई हैं।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment