हरिद्वार में पुलिस ने दो नाबालिग बहनों को छुड़ाया, जिस्मफरोशी में धकेलने की थी तैयारी, शाम को होना था सौदा

Sanchar Now
3 Min Read

हरिद्वार। प्रयागराज की 17 व 14 वर्षीय दो बहनों को जिस्मफरोशी के धंधे में धकेलने की पूरी तैयारी थी मगर मानव तस्करी निरोधक दस्ता (एएचटीयू) की टीम ने गिरोह के मंसूबों पर पानी फेर दिया। पुलिस ने गिरोह के लीडर सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जबकि ग्रुप के लीडर की पत्नी फरार हो गई।

रोशनाबाद पुलिस कार्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने प्रेसवार्ता कर बताया कि रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के संजय नगर टिबड़ी स्थित एक मकान में दो नाबालिग बहनों को बंधक बनाकर रखा गया था। नौकरी देने का झांसा देकर इन दोनों को हरिद्वार लाया गया। दोनों को जिस्मफरोशी के धंधे में धकेलने की तैयारी थी। एएचटीयू  ने मौके पर छापा मारा जहां से दोनों किशोरियों को बरामद करते हुए आरोपी आलोक को हिरासत में लिया।

पूछताछ में पता चला कि प्रयागराज से दो सगी बहनें भागकर दिल्ली आई थीं। आरोपी आलोक ने उन्हें नौकरी देने का झांसा दिया और हरिद्वार ले आया। यहां टिबड़ी में अपने किराये के मकान में उन्हें रख लिया। आरोपी ने जिस्मफरोशी की एवज में रोजाना 10 हजार मिलने की बात दोनों को कही। आरोपी की पत्नी उन्हें देह व्यापार में धकेलने के लिए कुछ लोगों से बात करने गई थी।

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि आरोपी आलोक को साथ लेकर टीम ने छापेमारी करते हुए कार से सौदा करने जा रही महिला सहित पांच आरोपियों को पकड़ लिया लेकिन मुख्य आरोपी की पत्नी फरार होने में कामयाब रही। पकड़े गए आरोपियों में गैंग लीडर आलोक निवासी ग्राम काली देवी मोहल्ला निकट रेलवे स्टेशन थाना गुमना जिला फरुखाबाद यूपी, प्रवीण निवासी ग्राम सलेमपुर झबरेड़ा थाना नागल जिला बिजनौर हाल पता बिहारी कॉलोनी जमालपुर कनखल, पूजा निवासी थापा गली निकट ग्रीन वैली स्कूल सेलाकुई जिला देहरादून, रामकुमार निवासी ग्राम खेड़ी थाना दादरी जिला गोतमबुद्ध नगर हाल रेलवे फाटक गाजियाबाद यूपी, अनस निवासी ग्राम पिथोड़ थाना किरतपुर तहसील नजीबाबाद जिला बिजनौर, अनवर अंसारी निवासी ग्राम पितोरा थामा कायम गंज जिला फरुखाबाद हाल जमालपुर कलां कनखल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

पढ़ें  यूपी में एसआईआर कर रहे बीएलओ को खुशखबरी, चुनाव आयोग ने जारी किया नया निर्देश

पड़ताल में सामने आया है कि वर्ष 2006 से हरिद्वार में रहा आरोपी गैंग लीडर आलोक लड़कियां और महिलाएं सप्लाई करने का काम करता था। आरोपी पूजा आगे पैसे लेकर शादी करवाती थी। यही नहीं उन्हें बेच भी दिया जाता था। पुलिस गैंग से जुड़े लोगों की कुंडली खंगाल रही है। कुछ लोगों के नाम भी सामने आए हैं। जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस जुट गई है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment