यूपी दिवस पर दिल्ली में होगा भव्य आयोजन, सांस्कृतिक विरासत और प्रसिद्ध व्यंजनों की दिखेगी झलक

Sanchar Now
3 Min Read

लखनऊ:  उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा यूपी दिवस-2026 के अवसर पर राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली स्थित दिल्ली हाट में 24 जनवरी को भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 05:30 बजे से शुरू होगा। इस आयोजन में बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीयों, 18 से 20 देशों के राजनयिकों, भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों तथा उत्तर प्रदेश के प्रतिष्ठित व्यक्तियों के शामिल होने का प्रस्ताव है।

सोमवार को प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य राजधानी में उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक कलाओं, परंपराओं और विविधता को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत करना है। उन्होंने कहा कि यूपी दिवस के अवसर पर दिल्ली हाट को ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ की थीम पर सजाया जाएगा, ताकि प्रदेश की विकास यात्रा और सांस्कृतिक गौरव को एक मंच पर दर्शाया जा सके।

मंत्री के अनुसार सांस्कृतिक संध्या में प्रदेश की विभिन्न लोकनृत्य शैलियों एवं परंपराओं पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां होंगी। साथ ही उत्तर प्रदेश के पारंपरिक हस्तशिल्प, कला उत्पादों तथा राज्य के अलग-अलग अंचलों के प्रसिद्ध क्षेत्रीय व्यंजनों की झलक भी प्रदर्शित की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान देश के विभिन्न राज्यों में रहकर अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रवासी उत्तर प्रदेशवासियों को सम्मानित किए जाने की भी योजना है।

जयवीर सिंह ने बताया कि जिन देशों में बड़ी संख्या में उत्तर प्रदेश के लोग निवास करते हैं, वहां के भारत में पदस्थ चयनित 18-20 देशों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है। इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सांस्कृतिक आदान-प्रदान को मजबूती मिलेगी।

पढ़ें  कुत्ते ने दौड़ाया तो बाइक से गिर गए बैंक मैनेजर, फिर नगर निगम की गाड़ी ने कुचल दिया सिर, मौके पर मौत

अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यूपी दिवस मनाने का उद्देश्य विदेशों में बसे प्रवासी उत्तर प्रदेशवासियों में प्रदेश के प्रति गौरव, आत्मसम्मान और भावनात्मक जुड़ाव को और सुदृढ़ करना है। उन्होंने बताया कि यह प्रयास ओडीओपी और ‘वोकल फॉर लोकल’ को वैश्विक मंच पर आगे बढ़ाएगा। साथ ही, यूनेस्को के ‘क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी’ नेटवर्क में लखनऊ को मिली पहचान के जरिए भी प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन संभावनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment