उन्नाव में गंगा एक्सप्रेस-वे पर खड़ा था ट्रक, पीछे से आकर भिड़ी कार; 4 लोगों की मौत

Sanchar Now
3 Min Read

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. आसीवन थाना क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 387.6 के पास तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खराब खड़े ट्रक से जा टकराई. इस भीषण टक्कर में कार सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसा प्रयागराज नंबर UP70 HX 5197 की टाटा पंच कार और हरियाणा नंबर HR38 AB 0693 के ट्रक के बीच हुआ. जानकारी के अनुसार ट्रक खराब होने की वजह से एक्सप्रेसवे के किनारे खड़ा था. इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा के कर्मचारी मौके पर पहुंचे. क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हटाया गया और उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला गया. सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. हादसे में मरने वाले चारों युवकों की शिनाख्त पुलिस ने कर ली है। फूलपुर के जाफरपुर निवासी उदय सिंह (26), अनुपम गुप्ता (32) और बाबूगंज कस्बा निवासी विजय (25) व अमन (28) की जान गई है. सभी मृतक प्रयागराज जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं.

हादसे के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी

सीएससी बांगरमऊ के डॉक्टर रमेश कुमार ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल लाया गया था, लेकिन वे पहले ही दम तोड़ चुके थे. पुलिस के अनुसार सभी कार सवार प्रयागराज से मेरठ की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ. घटना की सूचना पर एसपी जयप्रकाश सिंह, एडिशनल एसपी अखिलेश सिंह और एडीएम प्रशासन सुशील कुमार गौड़ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.

पढ़ें  हरदोई: ठेकेदार को घाटा हुआ तो चुरा ली मंदिर की बेशकीमती मूर्तियां, पुलिस ने किया गिरफ्तार

खराब ट्रक हटाने में लापरवाही के आरोप

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. इस घटना में यूपीडा की लापरवाही के आरोप भी सामने आए हैं. बताया जा रहा है कि एक्सप्रेसवे पर खराब खड़े वाहनों को हटाने की जिम्मेदारी यूपीडा की होती है. यदि समय रहते ट्रक को हटवा दिया जाता तो यह हादसा टल सकता था और चार जिंदगियां बचाई जा सकती थीं.

इस घटना पर जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे प्रयागराज से मेरठ जा रही एक कार गंगा एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक से टकरा गई. हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. दो अन्य गंभीर घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है और मुआवजा समेत आगे की जरूरी कार्रवाई की जा रही है.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment